इंदौर। प्रसिद्ध कथा वाचक प्रदीप मिश्रा की अचानक तबीयत खराब हो गई है. वे इस समय डॉक्टरों की निगरानी में हैं. ऐसे में इंदौर में चल रहे उनके कार्यक्रम में कुछ परिवर्तन किया गया है. कथा वाचक प्रदीप मिश्रा को डॉक्टरों ने फिलहाल आराम करने की सलाह दी है. सूत्रों के अनुसार इस कारण उनकी यहां चल रही कथा को स्थगित किया जा सकता है. हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई अधिकृत जानकारी सामने नहीं आई है.
बताया जा रहा है कि पंडित प्रदीप मिश्रा को मंगलवार देर रात कुछ बेचैनी सी महसूस हुई. जब उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई तो डॉक्टरों को दिखाया गया. उनकी तबियत कैसे खराब हुई या उन्हें स्वास्थ्य संबंधी क्या दिक्कत है, यह बात अभी तक साफ नहीं हो पाई है. केवल इतना बताया गया है कि डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है. विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उनके स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी भी रखी जा रही है.
ऐसे में इंदौर के पास राऊ विधानसभा क्षेत्र में चल रही उनकी शिव महापुराण कथा के स्थगित हो जाने की बात सामने आ रही है. यह कार्यक्रम विशाल नगर में कथा चल रही थी जहां भक्तों की भारी भीड़ आ रही थी. इसी कार्यक्रम के लिए पंडित प्रदीप मिश्रा कुछ दिनों से इंदौर में ही हैं लेकिन अचानक उनकी तबीयत खराब हो जाने से गुरुवार को कथा संभवतः नहीं होगी. इस संबंध में कुछ देर बाद आधिकारिक घोषणा की जा सकती है.