श्रावण के अंतिम सोमवार को पूरा मंदसौर जिला शिवमय हो गया। श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। कोरोना काल के दो साल के बाद पशुपतिनाथ महादेव शाही सवारी के साथ शहर भ्रमण पर निकले। मंदिर परिसर में रजत प्रतिमा का पूजन-अर्चन व आरती कर शाही सवारी को रवाना किया गया।

सीएम शिवराज सिंह चौहान भी पशुपतिनाथ महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान महादेव का आशीर्वाद लिया। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंदसौर में भगवान पशुपतिनाथ की शाही सवारी में रथ खीचा। यह दूसरा मौका है जब पशुपतिनाथ की सवारी में सीएम शिवराज  शामिल हुए। 

इधर सुबह से ही शहर सहित जिले भर से श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर परिसर में से भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया था। मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी लाइन लगी है। शाही सवारी में रजत प्रतिमा का पूजन-अर्चन कर अभिषेक के बाद शाही रथ में विराजित किया गया। रजत प्रतिमा का नयनाभिराम श्रृंगार किया गया है। 

शाही सवारी में बैंड, अखाड़े और राम दरबार, राधा कृष्ण, महाकाली की झांकिया भी निकलीं। शाही सवारी के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं कलश लेकर शामिल हुईं। श्री तापेश्वर महादेव की झांकी, भगवान श्री ओखा बावजी की झांकी और स्वच्छता मिशन की झांकी भी भगवान पशुपतिनाथ महादेव के शाही रथ के साथ रहीं। 

पशुपतिनाथ महादेव की शाही सवारी का 26 वां वर्ष है। सवारी श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर से उतारा खानपुरा, श्री केशव सत्संग भवन, खानपुरा, मंडीगेट, सदर बाजार, धान मंडी, बड़ा चौक, गणपति चौक, शुक्ला चौक, कालाखेत, नेहरू बस स्टैंड, श्री बड़े बालाजी मंदिर, भारत माता चौराहा, कालिदास मार्ग, घंटाघर, सदर बाजार, मंडी गेट, प्रतापगढ़ पुल होते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचेगी।