सिटी बस से यात्रा करने वालों को दिक्कत, आम चुनाव के चलते करना पड़ रहा घंटों इंतज़ार


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

शहर में चलने वाली 368 सिटी बसों में से लगभग 250 बसें चुनाव में शामिल होंगी। बाकी 118 बसें राजधानी की सड़कों पर नजर आएंगी..!!

Bhopal News: 6 मई (सोमवार) से भोपाल में रेड बस से यात्रा करना मुश्किल हो सकता है, क्योंकि शहर में चलने वाली 368 सिटी बसों में से लगभग 250 बसें चुनाव में शामिल होंगी। बाकी 118 बसें राजधानी की सड़कों पर नजर आएंगी। जिससे बसों की कमी हो जाएगी और लोगों को यात्रा करने में दिक्कत हो सकती है। आम लोगों को सिटी बस के लिए घंटों इंतजार करना पड़ सकता है।

चुनाव के लिए भोपाल आरटीओ ने भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) से 250 बसों का ऑर्डर दिया है। इसके लिए परिवहन विभाग ने पत्र भी लिखा है. जिनमें से 100 बसें रायसेन के लिए और 15 बसें अशोकनगर जिले के लिए हैं। शेष 135 बसों का उपयोग भोपाल में मतदान दलों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए किया जाएगा।

शनिवार 4 मई को अशोकनगर जिले के लिए 15 सिटी बसें रवाना की गई हैं। इस बीच रविवार दोपहर तक 100 बसें भेजी जा चुकी है। शेष 135 बसें भोपाल के कुल 2034 मतदान केंद्रों के लिए आरक्षित हैं। इसके चलते रविवार शाम से ही बसों की कमी हो सकती है। जिसके चलते सोमवार से बसों की कमी हो जाएगी।

6 मई से अगले 3 दिन तक बसों की दिक्कत रहेगी। छह मई को पोलिंग पार्टियों को लेकर बसें मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। मध्य प्रदेश की 9 लोकसभा सीटों के लिए 7 मई को मतदान है, लेकिन कई बसें 8 मई की सुबह तक डिपो में वापस आ जाएगी. ऐसे में इस दिन भी कम बसें चलेंगी।

भोपाल में 25 रूटों पर कुल 368 बसें चलती हैं। ये बसें शहर के सभी क्षेत्रों को कवर करती हैं। बैरागढ़ के पास चिरायु हॉस्पिटल, भोपाल से अवधपुरी, न्यू मार्केट, एमपी नगर, मिसरोड, मंडीदीप, होशंगाबाद रोड, कटारा हिल्स, अयोध्या बायपास, करोंद, भोजपुर, बैरागढ़ चीचली, कोलार रोड, गांधीनगर, बंगरसिया, रायसेन रोड, लानखेड़ा, भौंरी सहित अधिकांश शहरी क्षेत्रों में संचालित है।

भोपाल में प्रतिदिन डेढ़ लाख से अधिक लोग सिटी बस (भोपाल रेड बस) से यात्रा करते हैं। इनमें 40 फीसदी तक यानी करीब 60 हजार महिला यात्री शामिल हैं। छात्रों के अलावा कामकाजी लोग भी बस से यात्रा करते हैं। लाल बस का किराया न्यूनतम रु. 7 और अधिकतम रु. 42 हैं।