Bihar Election 2025: एक तरफ जहां बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के लिए गुरुवार, 6 नवंबर को वोटिंग जारी है। वहींं दूसरी तरफ दूसरे चरण के चुनाव के प्रचार के लिए अररिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी में टकराव होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी एक ही दिन बिहार के अररिया जिले का दौरा कर रहे हैं।
दोनों दिग्गज नेता यहाँ चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की चुनावी रैली फारबिसगंज में, जबकि राहुल गांधी अररिया शहर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
पीएम मोदी की रैली सुबह 11 बजे फारबिसगंज में हो रही है, जहाँ वह नौ विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए उम्मीदवारों की जीत के लिए मतदाताओं का आशीर्वाद मांग रहे हैं। अररिया जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए 11 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव को लेकर एनडीए और महागठबंधन नेताओं का ताबड़तोड़ दौरा शुरू हो गया है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी दोपहर 2 बजे अररिया विधानसभा क्षेत्र के आज़ाद अकादमी में कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुर रहमान के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी ने इससे पहले 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी इसी स्थान पर एक रैली को संबोधित किया था।
आज़ाद अकादमी में मंच तैयार किया जा रहा है। 7 नवंबर को राहुल गांधी फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र के द्विजदेनी मैदान में कांग्रेस उम्मीदवार मनोज विश्वास के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष शाद अहमद ने बताया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी का कार्यक्रम 6 नवंबर को दोपहर 2 बजे अररिया विधानसभा क्षेत्र के आज़ाद अकादमी में होना है। वे 7 नवंबर को दोपहर 1 बजे फारबिसगंज के द्विजदेनी मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। मासूम रजा और शशि भूषण झा सहित जिला कार्यकर्ता राहुल गांधी के अररिया आगमन को सफल बनाने में जुटे हैं।
फारबिसगंज (अररिया): वार्ड संख्या 23, 24 और 25 में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुरुवार 6 नवंबर को फारबिसगंज हवाई अड्डा मैदान में चुनावी सभा के लिए निमंत्रण अभियान शुरू किया। सूरत (गुजरात) के पूर्व महापौर डॉ. जगदीश पटेल के नेतृत्व में विदेशी और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं की एक टीम घर-घर जाकर लोगों को प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के लिए आमंत्रित कियाहै।
भाजपा नेताओं ने 11 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशी को वोट देने की अपील की। पार्टी कार्यकर्ताओं में सूरत (गुजरात) से पार्टी उपाध्यक्ष रसिक पटेल, सूरत से शैलेश श्रीवास्तव, अजीत सिंह, चंदन सिंह, रांची से पायल सोनी, प्रसेनजीत चौधरी, प्रमोद पासवान, पार्षद प्रतिनिधि अरुण निराला, गोपाल कुमार, नीलिमा शाह, शिवानी सिंह, बबली देवी, शिवराम शर्मा, अनुपम शाह, रोहित कुमार और अन्य शामिल रहे।
पुराण डेस्क