PM Modi In MP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से पांच वंदे भारत ट्रेन को झंडी दिखाई. जिसके बाद प्रधानमंत्री भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' अभियान के तहत 543 लोकसभाओं के 10 लाख और मध्यप्रदेश के 64,100 बूथ के कार्यकर्ताओं को डिजिटली संबोधित करने के लिए पहुंचे. यहां सभी राज्यों के विधानसभा क्षेत्रों से 3 हजार कार्यकर्ता भी मौजूद हैं. प्रधानमंत्री ने इनसे सीधा संवाद भी किया.

देंखे लाइव:

 

इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को सबोधित करते हुए कुछ बड़ी बाते कहीं. उन्होंने कहा, ये हम सभी का सौभाग्य है कि आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी का हमको मार्गदर्शन मिलने वाला है. उनके मार्गदर्शन के पश्चात अल्पकालीन विस्तारक स्थान-स्थान पर जाकर प्रचार करने वाले हैं. मैं सभी की ओर से आदरणीय प्रधानमंत्री जी का स्वागत करता हूं.

जेपी नड्डा बोले, आदरणीय प्रधानमंत्री जी, जो देश के सबसे बड़े प्रशासक हैं, चीफ एग्जीक्यूटिव हैं लेकिन जब भी पार्टी की बात आती है तो आप कभी भी हमें समय देने से नहीं हिचकते. ये हम सब के लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री जी कुशल प्रशासक भी हैं और संगठन के संगठक भी हैं. प्रधानमंत्री जी ने अपना जीवन संगठन में खपा दिया और बूथ स्तर से काम को देखते हुए उन्होंने देश का नेतृत्व किया. आज देश को और पार्टी को, दुनिया के नक्शे पर खड़ा करने का काम अगर किया है तो आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने किया है. उनका मार्गदर्शन मिलना हम सभी के लिए गौरवान्वित होने का अवसर है.

जेपी नड्डा ने आगे कहा, अभी आप अमेरिका और मिस्र हो कर आए हैं. अमेरिका में जिस तरीके से आपने चर्चा की और जो समझौते हुए वो भारत और अमेरिका के रिश्तों को आज एक नई ऊंचाई पर ले जा रहे हैं. आपने अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया. आप पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्हें अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को दो बार संबोधित करने का अवसर मिला. पीएम मोदी अमेरिका की कांग्रेस के संयुक्त सत्र को दो बार संबोधित करने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं. अपने भाषण के दौरान पीएम को कई बार स्टैंडिंग ओवेशन दिया गया. इसके अलावा, मिस्र द्वारा पीएम मोदी को ऑर्डर ऑफ द नाइल से सम्मानित किया गया था. यह पीएम मोदी और उनकी लोकप्रियता के बारे में बहुत कुछ कहता है.

उन्होंने बताया कि आज जब दुनिया आर्थिक मंदी से लड़ रही है तो, आपके द्वारा समय पर लिए हुए बुलंद फैसलों के कारण भारत एक 'ब्राइट स्पॉट' के रूप में दिखाई देता है. आज IMF अपने वक्तव्य में कहता है कि भारत की गरीबी 22% से गिर कर 10% से भी कम हो गई है और हमारी अति गरीबी 1% से भी कम हो गई है. ये सब आपके मजबूत इरादों और मजबूत नीतियों से ही संभव हो पाया है.