प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को भोपाल आ रहे हैं। वे यहां पांच वंदे भारत ट्रेन को झंडी दिखाएंगे। इनमें से तीन को वे वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही बीजेपी के 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल आने से पहले ट्वीट कर अपने दौरे को विकसित भारत के संकल्प को सशक्त करने का अवसर बताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो ट्वीट किये। एक ट्वीट में उन्होंने आज झंडी दिखाई जाने वाली पांच वंदे भारत ट्रेन को मध्यप्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गोवा, बिहार और झारखंड में कनेक्टिविटी में सुधार करने वाला बताया।
वहीं दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा कि- भोपाल में सुबह 11:15 बजे ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में भाजपा के लाखों निष्ठावान कार्यकर्ताओं से संवाद का सौभाग्य मिलेगा। यह अवसर ‘विकसित भारत’ के लिए उनके संकल्प को और सशक्त करेगा।
बता दें कि पीएम मोदी मंगलवार सुबह करीब 9:50 बजे भोपाल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वे यहां से वायुसेना के हेलिकॉप्टर से बीयू परिसर में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से कार से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचकर भोपाल से इंदौर और रानी कमलापति से जबलपुर के बीच चलने वाली दो नई वंदे भारत ट्रेन को रवाना करेंगे। इसके बाद मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में भाजपा के 3 हजार बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की कार्यशाला को संबोधित करेंगे।