भोपाल रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिस ने पकड़ा मिलावटी मावा


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

पुलिस ने वाहन चालक और मावा आपूर्तिकर्ता के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है..!

त्योहारी सीजन शुरू होते ही मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री भी बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट हो गया है। गुरुवार की सुबह थाना बजरिया पुलिस ने भोपाल रेलवे स्टेशन के बाहर एक संदिग्ध वाहन (क्रमांक MP 04 LD 7711) को रोका, जिसमें 23 डलिया मावा ले जाया जा रहा था।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर मावा के नमूने लिए और उसकी गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मावा की गुणवत्ता संदिग्ध है, जिससे मिलावट की आशंका बढ़ गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मावा के सैंपल प्रयोगशाला में भेजे जा रहे हैं और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इसमें मिलावट है या नहीं। त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ने की आशंका के चलते प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने वाहन चालक और मावा आपूर्तिकर्ता के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है। त्योहारी सीजन को देखते हुए भोपाल में मिलावटी सामान की बिक्री रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है। अधिकारियों ने आम जनता से सतर्क रहने और मिलावटी सामान की शिकायत तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।