MP News: मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पुलिस एक महिला को कार की बोनट पर काफी दूर तक घसीटती रही. जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, महिला का कसूर सिर्फ इतना था कि वो अपने बेटे को छुड़ाने के लिए पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगी थी.

अब वायरल वीडियो के ज़रिये एसपी नरसिंहपुर ने आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की है. खबरों के मुताबिक, नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में पुलिस को सूचना मिली थी कि नशे की तस्करी का धंधा ख़ुलेआम किया जा रहा है. जिसके बाद पुलिस ने गुंडा स्क्वायड को कार्रवाई के निर्देश दिए थे.

जब टीम मौके पर कार्रवाई करने पहुंची तो एक युवक के पास से करीब 3 लाख रुपये की स्मैक बरामद हुई. जिसके बाद स्मैक की तस्करी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान आरोपी की माँ गिरफ्तारी का विरोध कर रही थी. वह बेटे को छुड़ाने के लिए पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगी और कार की बोनट पकड़ कर खड़ी हो गई.

तमाम कोशिशों के बावजूद भी महिला गाड़ी के सामने से नहीं हटी तो पुलिस उसे कार के बोनट पर करीब 500 मीटर तक घुमाती रही. जिसका वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब वायरल हैं. इसी वीडियो के आधार पर नरसिंहपुर एसपी ने विभागीय जांच के आदेश देते हुए तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है.