Delhi Weather Update: पिछले कुछ समय से साफ़-सुथरा रही दिल्ली की हवा में एक बार फिर प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है. दिल्ली के ताज़ा AQI की बात करें तो यह 200 के पार पहुंच गया है. सर्दियों की शुरुआत के साथ ही यह सीजन का तीसरा दिन है, जब हवा की गुणवत्ता खराब देखी गई है.
कई इलाकों में AQI 300 के पार-
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 300 से ऊपर यानी बेहद खराब श्रेणी में भी दर्ज किया गया. बारिश की एंडिंग के बाद 6 और 7 अक्टूबर को AQI 200 को पार कर गया, यानी यह आंकड़ा ख़राब वायु गुणवत्ता स्तर पर पहुंच गया. इसके बाद हवा की गति बढ़ने और प्रदूषक कणों में बढ़ोतरी से हवा फिर खराब हो गई.
दिल्ली की हवा रही सबसे ठंडी-
मौसम में बदलाव के बावजूद राजधानी में सुबह और शाम का माहौल खुशनुमा होने लगा है. हालांकि, दिन में गर्मी बरकरार है. वहीं, दिल्ली कल सुबह बीते छह साल में सबसे ठंडी रही. मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
बता दें कि शून्य से 50 के बीच AQI को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच AQI को 'बहुत गंभीर' माना जाता है.