MP Politics: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक तरफ जहां मौसम में बदलाव के बाद ठंडी हवाएं शुरू हो गई है. तो वहीं, दूसरी तरह चुनावी साल में सियासत काफी गरम दिखाई दे रहीं हैं. इसी साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव हैं. अब चुनावी उलटी गिनती भी शुरू हो चुकी है. ऐसे में रोजाना मौसम की तरह ही सियासत में भी बदलाव साफ दिखाई दे रहा है.

ये बदलाव इसलिए क्योंकि अब सियासी बयानबाजियों के बीच राजधानी भोपाल में पोस्टर वार शुरू हो चुका है. आज सुबह शाहपुरा इलाके में लगे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पोस्टर से सियासी पारा चढ़ा हुआ है. ये पोस्टर सियासी गलियारों में इसलिए चर्चाओं में हैं क्योंकि इसमें कमलनाथ को वॉन्टेड और ‘करप्शन नाथ’ तक बता दिया गया. साथ ही पोस्टर में एक बार कोड भी दिखाई दे रहा है. 

मोबाइल से बारकोड स्कैन करने पर वीडियो शुरू होता हैं. कोड से पहले पोस्टर में लिखा हुआ है- करप्शन नाथ के कांड जानें. इसके अवाला पोस्टर और स्कैन वीडियो में कमलनाथ सरकार के 15 महीनों का जिक्र करते हुए घोटालों की बात कही गई है. फ़िलहाल, ये पोस्टर किसने लगाये हैं यह तो जांच का विषय हैं लेकिन हां कांग्रेस ने बीजेपी पर पोस्टर लगाने का आरोप लगाया हैं.

कांग्रेस ने सीएम शिवराज से की ये बड़ी मांग-

कांग्रेस मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने ट्वीट करते हुए लिखा, आदरणीय कमलनाथ जी के आपत्तिजनक पोस्टर लगवा कर भाजपा ने दिखा दिया है कि वह राजनीति के कितने भी निचले स्तर पर जा सकती है. जिस व्यक्ति ने पिछले 44 साल से अपने खून पसीने से मध्यप्रदेश की माटी की सेवा की है और रात दिन प्रदेश के नव निर्माण के लिए तपस्या की है, उसकी छवि बिगाड़ने की कोशिश मध्य प्रदेश की अस्मिता पर हमला है. यह मध्यप्रदेश का अपमान है. यह प्रदेश की सेवा का अपमान है. यह स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने के लक्ष्य का अपमान है. यह उन करोड़ों लोगों का अपमान है जिनके हृदय में कमलनाथ जी बसते हैं.

उन्होंने आगे लिखा, मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि अपनी ओर से कार्यवाही करते हुए ऐसे पोस्टर लगाने वालों को गिरफ्तार करें और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दें. अगर वे ऐसा करने में विफल होते हैं तो मध्य प्रदेश की जनता के सामने स्पष्ट हो जाएगा यह सब काम उनके इशारे पर हो रहा है.

बीजेपी प्रवक्ता बोले- ये जनता का आक्रोश

वहीं, दूसरी तरफ बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने इस पोस्टर के ज़रिये कांग्रेस पर निशाना साधा हैं. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा,यह किसने लगाए पता नहीं. भोपाल की सड़कों का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो यह बता रहा है कि यह जनता का आक्रोश है और जनता भी अब घोटालों का, भ्रष्टाचार का हिसाब मांग रही है?

अब एमपी में चुनावी समय काफी नजदीक है. ऐसे में सियासी बयानबाजी और पोस्टर वार तो शायद आगे भी दिखाई दें जाएँ. लेकिन हाँ, तमाम दावों-वादों के बीच कौन सत्ता की दहलीज चढ़ेगा या नहीं, ये सिर्फ और सिर्फ मध्यप्रदेश की जनता ही तय करेगी.