अयोध्या में आज नवनिर्मित राम मंदिर में भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हो रही है। प्राण-प्रतिष्ठा पर पूरा देश रामभक्ति से सराबोर है। मध्यप्रदेश में भी प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आस्था और उत्साह का माहौल है। उज्जैन के भगवान महाकाल और ओरछा के राम राजा दरबार समेत प्रदेश के सभी छोटे-बड़े मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है।
प्राण-प्रतिष्ठा के मौके पर उज्जैन में महाकाल के दरबार में तड़के हुई भस्म आरती में दिवाली मनायी गई। महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान फुलझड़ी जलाकर दिवाली जैसी पूजा की गई। भक्तों ने लगाये जय श्री राम के नारे। वहीं श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर ओरछा के राम राजा सरकार मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। मंदिर को फूलों से सजाया गया है।
मध्य प्रदेश के भिंड में श्री रावतपुरा सरकार देवस्थानम में भी भव्य तैयारी है. पूरे धाम को फूलों और ध्वज पताकाओं से सजाया गया है। अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर भोपाल में अवध जैसा माहौल है। शहर भर में राम धुन, भजन और अखंड रामायण की गूंज सुनाई दे रही है। मंदिरों और घरों में सुबर से विशेष पूजा शुरू हो गई है। प्रभात फेरियां निकली गईं। दोपहर में सुंदरकांड का पाठ और भंडारे होंगे।