भोपाल: राज्य सरकार सिंगरौली हवाई पट्टी का संचालन भी भारत सरकार के एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इण्डिया को देने की तैयारी कर रही है। सीधी से लोकसभा सदस्य भाजपा की रीती पाठक ने भी अपने संसदीय क्षेत्र के सिंगरौली में निर्माणाधीन हवाई पट्टी के त्वरित संचालन एवं विकास के लिये राज्य सरकार से आग्रह किया है। एयरपोर्ट अथारिटी ने भी इस हवाई पट्टी को अपने हाथ में लेने की इच्छा जाहिर कर दी है तथा राज्य सरकार से प्रस्ताव भेजने के लिये कहा है।

उल्लेखनीय है कि अभी औद्योगिक क्षेत्र सिंगरौली में पीपीपी मोड पर हवाई पट्टी का निर्माण हो रहा है तथा इसमें केंद्र सरकार के जिन उपक्रमों ने धनराशि लगाई है उनके लिये लैंडिंग नि:शुल्क रहेगी जबकि अन्य विमानों से शुल्क लिया जायेगा। लेकिन अब इस हवाई पट्टी को एयरपोर्ट अथारिटी को दिया जायेगा तथा इसके लिये राज्य का विमानन विभाग प्रस्ताव तैयार कर रहा है।

यह प्रदेश की सातवीं ऐसी हवाई पट्टी होगी जिसका संचालन एयरपोर्ट अथारिटी करेगी। हाल ही में केबिनेट ने रीवा हवाई पट्टी को अथारिटी को सौंपने का निर्णय लिया है जबकि अब तक भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर एवं खजुराहो एयरपोर्ट ऐसे हैं जो पहले से ही अथारिटी के पास हैं।