भोपाल: राज्य का वन विभाग प्रदेश के किसानों को उनकी निजी भूमि पर वृक्षारोपण करने हेतु प्रोत्साहित करने के लिये अनुदान देने की स्कीम लाने की तैयारी कर रहा है तथा इसके लिये आम बजट में नवीन मद खोलकर टोकन बजट का प्रावधान किया गया है। इस स्कीम का मूल उद्देश्य राज्य में हरित आवरण बढ़ाना है तथा इससे किसानों की आय में इजाफा भी होगा।
देवलोक विकास योजना भी बनेगी :
इसके अलावा, वन विभाग ने आम बजट में वनों के अंदर स्थित जनजातीय देवलोकों के विकास की योजना लाने का भी नया प्रावधान किया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर वन विभाग ने कुछ समय पहले राज्य जैव विविधता बोर्ड के माध्यम से प्रदेश के वनों में पाये जाने वाले जनजातीय देवलोकों/पुनीत वन/देव वन/पवित्र निकुंज की जानकारी एकत्रित करवाई थी जिसमें 63 वनमंडलों के 41 वनमंडलों में 1149 देवलोक चिन्हित किये गये थे। इन आस्था के केंद्र देवलोकों को क्रम-क्रम से विकास करने के लिये अब बजट प्रावधान किया गया है।
डॉ. नवीन आनंद जोशी