राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार मध्यप्रदेश दौरे पर रहेंगी। यहां वे इंदौर और जबलपुर में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंदौर में स्मार्ट सिटी कॉनक्लेव में भाग लेकर अवार्ड वितरित करेंगी। साथ ही जबलपुर में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के नए भवन की आधारशिला भी रखेंगी।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु इंदौर में ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित आईसेक अवार्ड सेरेमनी में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। वे यहाँ सेंटर में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी। साथ ही देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में हो रहे स्मार्ट सिटी कॉनक्लेव में इंदौर समेत 15 से ज्यादा शहरों को स्मार्ट सिटी के पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छह श्रेणियों में अवार्ड जीतने वाले इंदौर को देश के सबसे स्मार्ट शहर का खिताब प्रदान करेंगी।
राष्टपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु द्वारा आईएसएसी पुरस्कार 2022 सार-संग्रह,एससीएम के न्यूज़लेटर का सार-संग्रह, यूएन हैबिटेट द्वारा रिपोर्ट: स्मार्ट सिटीज मिशन- सतत विकास लक्ष्यों को स्थानीय बनाना,आईएसएसी पुरस्कार 2023 ब्रोशर (ई-रिलीज़) का विमोचन किया जाएगा। स्मार्ट सिटी मिशन के वीडियो का प्रदर्शन होगा।
पुरस्कार विजेताओं के साथ समूह फोटो भी होगा। इस मौके पर गवर्नर मंगूभाई पटेल,सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत और समापन पर राष्ट्र गान होगा। राष्ट्रपति दोपहर 2:55 को इंदौर विमानतल से जबलपुर के लिये प्रस्थान करेंगी।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु शाम 4 बजे जबलपुर पहुंचकर आईआईटीडीएम ऑडिटोरियम में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के नए भवन की आधारशिला रखेंगी। राष्ट्रपति सायंकाल 5:45 बजे जबलपुर से वायुसेना के विमान से दिल्ली के लिये प्रस्थान करेंगी। जबलपुर में लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे और विदाई देंगे।