MP Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती अब शुरू हो गई है. बीजेपी सत्ता बरक़रार रखने तो वहीं कांग्रेस सत्ता विपसी के लिए चुनावी मैदान में हैं. बीजेपी की तरफ से ख़ुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मैदान में हैं. वहीं, कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोर्चा संभाल रखा है. हाल ही में दोनों ही नेताओं ने चुनावी शंखनाद का आगाज भी किया था.

एमपी में दूसरी बार चुनावी दौरे पर आई कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर पहुंची. यहां जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, आजकल अहंकार की राजनीति चलती है. आजकल भौकाल की राजनीति हैं. लेकिन, मैं ध्यान भटकाने नहीं आई हूं.

मणिपुर हिंसा पर प्रियंका गांधी ने कहा, पिछले 2 महीने से मणिपुर जल रहा है. घरों में आग लगाई जा रही है. महिलाओं के साथ भयावह अत्याचार हो रहा है. लेकिन, PM मोदी ने 77 दिनों तक इस बारे में एक शब्द भी नहीं बोला. महिलाओं के साथ हो रही अमानवीय घटनाओं का वीडियो सामने आने के बाद PM मोदी ने मजबूरी में एक वाक्य बोला और उसमें भी उन्होंने राजनीति घोल दी.

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, मैं यहां आपका ध्यान भटकाने नहीं आई हूं. मैं मुद्दों की बात करने आई हूं. आज सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई है. मैं भी चाहूं तो 30 मिनट के भाषण में 10 मिनट PM मोदी की आलोचना कर सकती हूं, 10 मिनट CM शिवराज के घोटालों पर बात कर सकती हूं और 10 मिनट सिंधिया की विचारधारा पलटने पर बोल सकती हूं. लेकिन मैं मुद्दों की बात करने आई हूं.

महंगाई के मुद्दे पर बीजेपी को घेरते हुए प्रियंका गांधी बोली, इस देश के युवाओं को रोजगार PSUs, बड़ी सरकारी कंपनियों, खेती, छोटे व्यापार और सेना से मिलता था. मोदी सरकार ने बड़ी कंपनियां तो अपने मित्रों को सौंप दी और सेना की भर्ती में अग्निवीर ले आए. अग्निवीर योजना में तो युवा ट्रेनिंग से ही वापस लौट रहे हैं. युवाओं का कहना है कि जब चार साल बाद बेरोजगार ही होना है, ऐसे में यह कड़ी ट्रेनिंग किस काम की?

उन्होंने आगे कहा, आज सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई है, जरूरत की हर चीज महंगी हो गई है. रसोई के सामान से लेकर गैस सिलेंडर तक सब कुछ महंगा हो चुका है. मैं चाहती हूं कि जब कोई नेता कहीं जाए तो बताए- आज इतनी महंगाई क्यों है, इतनी बेरोजगारी क्यों है?

 

ग्वालियर में प्रियंका गांधी की हुंकार- देंखे लाइव