लगातार चौथी हार से खतरे में पंजाब, टेबिल टॉपर के लिए आज गुजरात-हैदराबाद में जंग


Image Credit : x

स्टोरी हाइलाइट्स

धर्मशाला स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी..!!

आईपीएल 2026 में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स ने रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हरा दिया। पंजाब की यह लगातार चौथी हार रही। धर्मशाला स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पंजाब ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 19 ओवर में 7 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। इस जीत के साथ दिल्ली के 12 मैचों में 10 पॉइंट्स हो गए हैं। वहीं, पंजाब के 11 मुकाबलों में 6 जीत के साथ 13 अंक हैं।

210 रन के बड़े टारगेट का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरूआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले में ही केएल राहुल (9), अभिषेक पोरेल (5) और साहिल परख (13) के विकेट गंवा दिए। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स भी 12 रन बनाकर रन आउट हो गए। मुश्किल परिस्थिति में कप्तान अक्षर पटेल ने 30 गेंदों में 56 रन की तेज पारी खेली। वहीं, डेविड मिलर ने 28 गेंदों में 51 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की।

आखिरी में आशुतोष शर्मा ने 10 गेंदों में 24 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि माधव तिवारी 8 गेंदों में 18 और आकिब नबी 2 गेंदों में 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर ने 2-2 विकेट झटके। बेन ड्वारशुइस और मार्कस स्टोयनिस को 1-1 विकेट मिला।

आज हैदराबाद के सामने गुजरात

आईपीएल 2026 का 56वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच मंगलवार को खेला जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुकाबला शाम 7 बजे से होगा। दोनों टीमों के 11-11 मैच में 14-14 पॉइंट्स हैं। हैदराबाद बेहतर नेट रनरेट की वजह से दूसरे और गुजरात तीसरे पायदान पर हैं। आज का मैच जीतने वाली टीम पॉइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंच जाएगी।

दोनों टीमें 7वीं बार आमने-सामने होंगी

दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मैच खेले गए हैं। गुजरात ने 5 और हैदराबाद ने 1 मैच जीता है। पिछले सीजन दोनों मुकाबले गुजरात ने जीते थे। इस सीजन दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी।