भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय विजेश लूनावत की स्मृति में विजेश लूनावत स्मृति फाउंडेशन द्वारा एनआईटीटीआर ऑडोटोरियम में आयोजित चतुर्थ पुण्य स्मरण कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर, पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, भाजपा के वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र शर्मा, फाउंडेशन के सचिव मृगेन्द्र सिंह, समन्वयक डॉ. शैलेष लूनावत, पुत्री मुस्कान लूनावत सहित फाउंडेशन के सदस्य एवं उपस्थितजनों ने श्रद्वासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया। फाउंडेशन की संयोजिका स्मिता लूनावत ने अतिथियों का स्वागत किया। समन्वयक डॉ. शैलेष लूनावत ने आभार माना।
पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने स्व. विजेश लूनावत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय विजेश लूनावत आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका उनकी स्मृतियां आज भी हमारे बीच मौजूद हैं। उनका व्यक्तित्व ही ऐसा था कि आज भी उनको याद किया जा रहा है। उनका व्यक्तित्व कितना विराट और श्रेष्ठ था, सुना था आज देख भी लिया।
समय से पहले दुनिया न छोड़ते तो राजनीति के लिए और बड़ा योगदान हो सकता था। पार्टी संगठन में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वे कुशल संगठक और प्रखर वक्ता के साथ बहुत अच्छे इंसान थे। एक बार जो व्यक्ति लूनावत से मिलता था, उनके कृतित्व और व्यक्तित्व की वजह से उनकी तरफ खिंचा चला जाता था। राजनीति में ऐसे विरले लोग ही होते हैं, जिनको समाज हमेशा याद करता है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि कम्युनिष्ट ने पश्चिम बंगाल में 34 वर्ष शासन यह कहकर किया कि हम गरीबों का उत्थान करेंगे। कम्युनिष्ट के 34 वर्ष के शासन और अब टीएमसी के शासनकाल में भी बंगाल गरीबी से मुक्त नहीं हुआ।
आज भी देश का पहला राज्य पश्चिम बंगाल है, जहां लोग नंगे पैर राजनीतिक दलों की रैलियों में आते हैं। देश को बांटने वाली ताकतें अलग-अलग राजनीतिक दलों, संस्थाओं के रूप में कार्य कर रही हैं। 31 मार्च 2026 तक देश के अंदर से नक्सलवाद को पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्य की सीमा पर अधिकांश नक्सली एक साथ घिरे हुए है।
वार्ता का पत्र भेज रहे हैं, लेकिन भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि हथियार के साथ बातचीत नहीं होगी। बातचीत से पहले हथियार छोड़ना होगा। भाजपा को छोड़कर अधिकांश दलों को देखिए, सभी की बागडोर एक परिवार के हाथ में है। समाजवादी पार्टी, लालू प्रसाद यादव की पार्टी, ममता बनर्जी की पार्टी हो या जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला परिवार सभी पार्टियां परिवारवाद पर आधारित हैं।
भाजपा इकलौती पार्टी है, जो देश की सेवा के लिए कार्य कर रही है। बीते दिनों पहलगाम में जो कायराना हमला हुआ, वह बहुत निंदनीय है। पहलगाम के विषय में कुछ दिन बाद आप खुद कहेंगे कि जो देश चाहता है वह हो गया। जाति, धर्म के आधार पर भारत को दबाने के लिए कई संस्थाएं लगी हैं। पूतना बनकर यह संस्थाएं भारत की राष्ट्रीयता की धारा को कुचलने का कार्य कर रही हैं।
नक्सल अर्बन हो या और कोई रूप आए दिन समाज के सामने यह बेनकाब होते हैं। कांग्रेस पार्टी अंग्रेजों की तरह बांटे और राज करो की नीति पर अभी भी चल रही है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी दल समाज में एक नैरेटिव बनाने में कुछ हद तक सफल रहे कि भाजपा सत्ता में आई तो आरक्षण समाप्त हो जाएगा, भाजपा संविधान बदल देगी। यह देश को समाज व जातियों में बांटने की कांग्रेस पार्टी और विपक्षी दलों की चाल थी। भाजपा बाबा साहब के संविधान को मानती है, इसलिए हम अंबेडकरवादी है। प्रधानमंत्री जी संविधान की रक्षा के लिए कार्य कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय के विचार पर हमारी पार्टी कार्य करती है। देश में अनेक राजनैतिक दल हैं, लेकिन भाजपा सबसे अलग है। हमारी पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति की चिंता करती है। भाजपा विकास कार्य करती है। 100 प्रतिशत कार्य का लक्ष्य लेकर हमारी पार्टी कार्य शुरू करी है, उसे 100 प्रतिशत पूरा करने का कार्य भी करती है।
हमारी पार्टी सबका साथ, सबका विकास के ध्येय वाक्य के आधार पर कार्य कर रही है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर कहते थे कि समाज का धन अपने लिए उपयोग करना गौमांश खाने के समान है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में भाजपा की सरकारें भ्रष्टाचार रहित शासन दे रही हैं। डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए भ्रष्टाचार मुक्त शासन दे रहे हैं। राशि डायरेक्ट हितग्राहियों के बैंक खाते में पहुंच रही है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी ने एक बार कहा था कि अमेरिका विकसित है, इसलिए अच्छी सड़कें हैं, ऐसा नहीं है। अमेरिका में अच्छी व मजबूत सड़कें हैं, इसलिए विकसित है। कहने का तात्पर्य है कि जिस देश का इंफ्रास्ट्रक्चर जितना अच्छा होगा, देश उतना ही विकास करेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकारें देशभर में भ्रष्टाचार रहित विकास कर रही हैं। वर्तमान में दुनिया भर के देश मानते हैं कि भारत तेजी से तरक्की कर रहा है और गरीबी को हटा रहा है। वैश्विक संस्थाओं ने कुछ दिन पहले ही रिपोर्ट जारी कर कहा कि बीते ग्यारह वर्षों में भारत ने 17 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से बाहर लाया है।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि विजेश जी अजनबी से भी इतनी आत्मीयता के साथ मिलते थे कि हर कोई उनका मुरीद हो जाता था। उन्होंने दोस्ती को कभी भी स्वार्थ में बदलने नहीं दिया और न ही कभी स्वार्थ को संबंधों के बीच आने दिया। यही कारण है कि उनके सच्चे मित्रों की बहुत लंबी फेहरिस्त है।
उन्होंने कहा कि विजेश जी ने सभी के बीच अमिट छाप छोड़ी है। उनके व्यक्तित्व में एक चुंबकीय आकर्षण था। वे हर समस्या के समाधान थे। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उनका काम हमेशा याद किया जाएगा। उनकी कोई महत्वकांक्षा नहीं थी। पार्टी को आगे बढ़ाने में वे निरंतर कार्य करते रहे। उनका जीवन विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध था। राजनीति में होने के बाद भी उनका कोई विरोधी नहीं था। विजेश जी का चले जाना हम सभी के लिए बहुत दुखद है।
वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र शर्मा ने कहा कि विजेश लूनावत जी का जाना बहुत ही दुखद है। विजेश जी मेरे लिए दर्पण की तरह थे। वे स्पष्टवादी और साफ हृदय के व्यक्ति थे, जो भी उनसे मिलता था प्रभावित हो जाता था। उनका और मेरा साथ राजनीति में लंबे समय तक रहा। उनसे संपर्क में रहना मेरा सौभाग्य रहा है। हम लोगों को छोडकर वे जल्दी चले गए परंतु उनके विचार हमारे बीच सदैव मौजूद रहेंगे। वरिष्ठ पत्रकार मृगेन्द्र सिंह ने फाउंडेशन की तरफ से किए गए कार्यो की रूपरेखा प्रस्तुत की।
पुत्री मुस्कान लूनावत ने कहा कि मेरे पापा सेवा, सहयोग और समर्पण की मिसाल थे। पापा के इसी सेवा भाव के संकल्प को हम सभी मिलकर पूरा कर रहे है। हर महीने की 5 तारीख को हम एकजुट होकर दीन दुखियों की सेवा में जुटते है और जुटते रहेंगे। मुस्कान ने 4 वर्षों में किए गए सेवा कार्यो को लेकर एक प्रजेंन्टेशन भी दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ उद्योगपति दिलीप सूर्यवंशी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह, पंकज जोशी, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, पूर्व सांसद आलोक संजर, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. हितेश वाजपेयी, भाजपा जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति, सरिता देशपाण्डे, सुरेन्द्र शर्मा, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार, हिदायतुल्ला शेख, किशन सूर्यवंशी, अनिल अग्रवाल, सुनील पाण्डे, राजेन्द्र जैन, अश्विनी राय, दीपक गोयल, सार्थक लूनावत सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जैन समाज एवं पत्रकार जगत से जुड़े हुए लोग बड़ी सख्या में उपस्थित रहे।