MP में आज एंट्री करेगी राहुल गांधी की न्याय यात्रा, जानिए पांच दिन का पूरा शेड्यूल


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

मुरैना से मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी यात्रा, कांग्रेस ने झोंकी ताकत..!!

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' 2 मार्च को मध्यप्रदेश में एंट्री करेगी। मध्यप्रदेश में न्याय यात्रा मुरैना से प्रवेश करेगी और छह मार्च तक प्रदेश में रहेगी। इन पांच दिनों में राहुल गांधी आदिवासी, महिला, किसान युवाओं न सिर्फ संवाद करेंगे बल्कि जनसभा के माध्यम से अपनी बात भी प्रदेश की जनता के सामने रखेंगे। 

दो मार्च को न्याय यात्रा मुरैना से मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। मुरैना में राहुल गांधी का रोड शो एवं स्वागत कार्यक्रम होगा। मुरैना में ही राहुल गांधी का संबोधन भी  होगा। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री के.के. मिश्रा ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 2 मार्च को दोपहर 1.30 बजे मध्यप्रदेश के मुरैना में प्रवेश करेगी।

यहाँ कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष योगेश यादव के नेतृत्व और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित पार्टी के अन्य नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति में पार्टी ध्वज को सलामी देकर उत्तरप्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों द्वारा मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों को ध्वज सौंपाने का कार्यक्रम जेबी ढाबा पिपरई (देवपुरी ढाबा) में किया जायेगा। 

दोपहर 2.30 बजे अंडर ब्रिज के पास मुरैना में रोड शो होगा,जहां कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी का भव्य स्वागत करेंगे। शाम 5 बजे ग्वालियर शहर में यात्रा का स्वागत और ग्वालियर में ही चार शहर नाका से हजीरा चौक तक रोड शो होगा, तत्पश्चात राहुल गांधी का संबोधन होगा। यात्रा का रात्रि विश्राम गोल्डन लोटस गार्डन में होगा। 

इसके बाद तीन मार्च को गांधी की यात्रा अग्निवीर पूर्व सैनिक संवाद के साथ शुरू हो कर यात्रा शिवपुरी के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी। अगले दिन चार मार्च को यात्रा गुना जिले से शुरु होगी। गुना जिले के राघौगढ़ में रोड शो होगा। शाम को राजगढ़ जिले में गांधी किसानों से संवाद करेंगे। 

प्रदेश कांग्रेस के मुताबिक़ पांच मार्च को यात्रा राजगढ़ के पचौर और सारंगपुर से उज्जैन जिले के मक्सी में प्रवेश करेगी। इसी दिन राहुल गांधी उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे। शाम को उज्जैन में युवा अधिकार रैली आयोजित की जाएगी।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत गांधी छह मार्च को सुबह बड़नगर में महिला संवाद कार्यक्रम के बाद रोड शो करेंगे। यात्रा दोपहर लगभग 3 बजे रतलाम जिले में पहुंचेगी और शाम को सैलाना में प्रवेश करने के बाद यहां से आगे प्रवेश कर जाएगी।