MP Politics: इंदौर के देवगुराड़िया में रावण के दस सिरों की जगह कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की तस्वीरें जलाई गईं, जिस पर कांग्रेस नेता भड़क गए। रावण दहन के दौरान बनाया गया वीडियो वायरल होने के बाद रविवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसी थाने पहुंचे।

युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दोलत पटेल ने आरोप लगाया कि दशहरा 2024 के अवसर पर दशहरा उत्सव समिति में भाजपा नेताओं को शामिल किया गया था और उन्होंने जानबूझकर यह कृत्य किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोपहर में इंदौर ग्रामीण क्षेत्र के खुड़ैल थाने पर प्रदर्शन करते हुए देवगुराड़िया दशहरा कमेटी के खिलाफ एफआईआर की मांग की। हालांकि पुलिस ने अभी तक केस दर्ज नहीं किया है।

रावण के वायरल वीडियो में कांग्रेस नेताओं के साथ-साथ पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और सांसद असदुद्दीन ओवैसी के चेहरे का भी इस्तेमाल किया गया। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस को शिकायत देकर मामले की जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।