मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सातवें दिन उस मुकाम पर पहुंची, जहां से कांग्रेस लगातार साफ्ट हिंदुत्व का संदेश देने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी अपराह्न बाद उज्जैन में बाबा महाकाल मंदिर में पहुंचकर दर्शन करेंगे। उनके साथ कमलनाथ व दो-तीन अन्य नेताओं को गर्भगृह में जाने की मंजूरी मिली है। ज्ञात हो कि इस मंदिर को हाल में संवारा गया है और भव्यता दी गई है।

मप्र कांग्रेस लगातार दावा कर रही है कि यह काम उसने अपनी पंद्रह महीने की सरकार के वक्त शुरू कराया था, जिसका श्रेय भाजपा लेती है। इससे पहले आज राहुल की पदयात्रा सुबह सांवेर से शुरू हुई और उज्जैन जिले में पहुंची। कांग्रेस ने यहां एक बड़ी सभा भी आयोजित की है। आज यात्रा की शुरुआत के साथ ही बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और लोगों का जमावड़ा देखने को मिला है।

यात्रा यथार्थ फ्यूचरिस्टिक स्कूल निनोरा में ब्रेक के लिए रुकी जहां बच्चों के साथ राहुल, कमलनाथ व दिग्विजय सिंह ने नृत्य किया। बताया जाता है कि राहुल का रास्ते मे पड़ने वाले बड़े जिनालय भी जाने का कार्यक्रम बन रहा है। वे तपो भूमि में जैन संत प्रज्ञा मुनि सागर का आशीर्वाद लेंगे। वे यहां महावीर स्वामी की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। कीर्ति स्तंभ का लोकार्पण भी करेंगे। राहुल की यात्रा 4 दिसंबर को आगर-मालवा के रास्ते राजस्थान में दाखिल होगी।