मध्यप्रदेश में अधिकाँश इलाकों में तेज बारिश-आंधी और ओलावृष्टि का दौर जारी है। ओलावृष्टि से सड़कों पर सफेद चादर सी बिछ गई और खेतों में खड़ी गेहूं, चना और सरसों की फसलें बर्बाद हो गईं। आज भी मौसम से राहत के आसार नहीं हैं।
ग्वालियर-चंबल संभाग, बुंदेलखंड, मालवा-निमाड़, महाकौशल और विंध्य क्षेत्र में जमकर ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई। मंदसौर, डिंडौरी, खरगोन, रायसेन, आगर-मालवा, शिवपुरी, ग्वालियर के घाटीगांव में तो बर्फ की चादर सी बिछी दिखाई दी।
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभाग में तेज बारिश-आंधी के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन समेत कई शहरों में भी बादलों की गड़बड़ाहट और बिजली चमकने-गिरने के साथ बारिश की संभावना है।
भोपाल में रविवार को दिनभर बादल छाए रहे। वहीं, देर शाम करीब 7:30 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। करीब डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक लगातार बारिश होती रही। इससे पहले शनिवार को जमकर ओलावृष्टि हुई थी।