राजस्थान सरकार ने बुधवार को बजट (RajasthanBudget2022) पेश किया। राजस्थान में पुरानी पेंशन योजना को फिर से शुरू किया गया है। आपको बता दें कि यूपी विधानसभा चुनाव में भी यह एक बड़ा मुद्दा बन गया है। बजट 2022 में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। जिसमें पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने की घोषणा की गई है। पहले की तरह 1 जनवरी 2004 को या उसके बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए पेंशन की घोषणा की गई है। पुरानी पेंशन योजना अगले साल से लागू हो जाएगी।
बजट प्रस्तुत करने के बाद मीडिया से वार्ता #RajasthanBudget2022 https://t.co/Xib9XnFx7n
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) February 23, 2022
Rajasthan Budget 2022 पर सीएम गहलोत का बयान:
Rajasthan Budget 2022 पर चर्चा करते हुए सीएम गहलोत ने कहा, निरोगी राजस्थान के संकल्प को साकार करने की दृष्टि से प्रत्येक प्रदेशवासी को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधा सुलभ कराना हमारी प्राथमिकता रही है। हमारे द्वारा मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना, निःशुल्क जांच योजना के साथ-साथ मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना लागु करने से राजस्थान यूनिवर्सल हैल्थ कवरेज उपलब्ध कराने वाला अग्रणी राज्य बन गया है। इस योजना से लगभग 1 करोड़ 33 लाख परिवार जुड़ चुके हैं। प्रसन्नता का विषय है सिर्फ 9 माह में ही अभी तक 7 लाख 41 हजार से ज्यादा लोगों ने लगभग 930 करोड़ रू के कैशलेस इलाज की सुविधा प्राप्त कर ली है। अब मैं अगले वर्ष से चिरंजीवी योजना के अंतर्गत प्रति परिवार सालाना 5 लाख रू की चिकित्सा बीमा राशि को बढ़ाकर 10 लाख रू करने की घोषणा करता हूँ।
Presenting State Budget for the financial year 2022-23 https://t.co/cwYCaq8CMk
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) February 23, 2022
Rajasthan Budget : किसकों मिला फ़ायदा..!
सीएम ने कहा, कोरोना काल में सभी वर्ग के परिवार आर्थिक रूप से प्रभावित हुए हैं,मैं अल्प-आय वर्ग के साथ-साथ समस्त 118 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने की दृष्टि से आगामी वर्ष 100 यूनिट प्रतिमाह तक बिजली का उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं को 50 यूनिट तक बिजली निःशुल्क उपलब्ध करवाने की घोषणा करता हूं। इसके साथ-साथ समस्त घरेलू उपभोक्ताओं को 150 यूनिट तक 3 रुपए प्रति यूनिट तक अनुदान तथा 150 से 300 यूनिट तक के उपभोग पर 2 रुपए प्रति यूनिट अनुदान की घोषणा करता हूं। इस प्रकार 300 यूनिट प्रतिमाह से अधिक उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं को भी स्लैब के अनुसार छूट का लाभ प्राप्त हो सकेगा। इससे लगभग 4 हजार 500 करोड़ रुपए का भार आएगा।
Rajasthan Budget : सरकार का मंत्र
सीएम गहलोत ने कहा, जुलाई, 2022 में रीट की परीक्षा करवाया जाना प्रस्तावित करता हूं। नए सिरे से होने वाली इस परीक्षा के लिए पुराने अभ्यर्थियों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा तथा पूर्व में रीट परीक्षा के समय अभ्यर्थियों को दी गई समस्त सुविधाएं भी पुनः उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर की दृष्टि से आगामी रीट परीक्षा में पदों की संख्या 32 हजार से बढ़ाकर 62 हजार कर दी गई है। हमारे इस कार्यकाल में अभी तक 1 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति दे दी गई है तथा लगभग 1 लाख 25 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। यहां उल्लेखनीय है कि पूर्व सरकार के 5 वर्षों में लगभग 2 लाख भर्तियां की गई थीं, जबकि इस संख्या तक हम मात्र 3 वर्ष में ही पहुंच गए हैं। अब मैं आगामी वर्ष विभिन्न विभागों में लगभग 1 लाख अतिरिक्त पदों की और भर्ती करने की घोषणा करता हूं।
Rajasthan Budget : पूर्व पेंशन योजना लागू
सीएम गहलोत ने कहा, हम सभी जानते हैं सरकारी सेवाओं से जुड़े कर्मचारी भविष्य के प्रति सुरक्षित महसूस करें तभी वे सेवाकाल में सुशासन के लिए अपना अमूल्य योगदान दे सकते हैं। अतः 1 जनवरी 2004 और उसके पश्चात नियुक्त हुए समस्त कार्मिकों के लिए मैं आगामी वर्ष से पूर्व पेंशन योजना लागू करने की घोषणा करता हूं।
Rajasthan Budget : महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल होंगे शुरू
सीएम गहलोत ने कहा, महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों की लोकप्रियता एवं इनमें प्रवेश हेतु अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए आगामी वर्ष में शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 1-1 हजार महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल और शुरू किए जाएंगे। अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी विषयों के अंतर्गत इंग्लिश मीडियम शिक्षकों का पृथक से कैडर बनाने की घोषणा करता हूं। इन विद्यालयों में प्रथम चरण में लगभग 10 हजार अंग्रेजी माध्यम के शिक्षक भर्ती किए जाएंगे।
Rajasthan Krishi Budget 2022 :
सीएम गहलोत ने कहा, पिछले बजट में कृषक कल्याण कोष के अंतर्गत मैंने 2000 करोड़ रु की मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना की घोषणा की थी। अब इसी कड़ी में किसानों को और अधिक मजबूती प्रदान करने हेतु इस योजना को वृहद् रूप देते हुए योजना की राशि को बढ़ाकर 5000 करोड रु करने की घोषणा करता हूं। इस योजना के अंतर्गत कृषि व इससे संबंधित सभी क्षेत्रों की योजनाओं को अधिक प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के लिए मिशन मोड पर कार्य किया जाना प्रस्तावित है। ये 11 मिशन है- 1. राजस्थान सूक्ष्म सिंचाई मिशन 2. राजस्थान जैविक खेती मिशन 3. राजस्थान बीज उत्पादन एवं वितरण मिशन 4. राजस्थान मिलेट्स प्रोत्साहन मिशन 5. राजस्थान संरक्षित खेती मिशन 6. राजस्थान उद्यानिकी विकास मिशन 7. राजस्थान फसल सुरक्षा मिशन 8. राजस्थान भूमि उर्वरकता मिशन 9. राजस्थान कृषि श्रमिक संबल मिशन 10. राजस्थान कृषि तकनीक मिशन 11.राजस्थान खाद्य प्रसंस्करण मिशन, इसमें शामिल हैं।