मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ इन तीनों राज्यों में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में हर राजनीतिक पार्टी इन चुनाव को जीतने की तैयारी में जुटी हुई है। बीजेपी ने मध्यप्रदेश में तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को चुनावी मैदान में उतारा है।
अब ये कहा जा रहा है कि मध्यप्रदेश की ही तर्ज पर बीजेपी राजस्थान में भी ऐसी ही तैयारी कर रही है। बीजेपी राजस्थान में भी सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों को विधानसभा चुनाव में उतारेगी। सूत्रों की मानें तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, क़ानून मंत्री अर्जुन मेघवाल, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत राजस्थान विधानसभा चुनाव लड़ सकते है।
हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में सांसदों को मैदान में उतारने का प्रयोग बीजेपी का कोई नया प्रयोग नहीं है। हां, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में सांसदों का विधानसभा चुनाव लड़ना एक अनोखा प्रयोग जरूर है। दरअसल, पार्टी पहले भी कई विधानसभा चुनावों में सांसदों को मैदान में उतार चुकी है। कुछ जगहों पर पार्टी को फायदा हुआ है तो कुछ जगहों पर नुकसान हुआ।
गौरतलब है कि बीजेपी ने मध्यप्रदेश में जिन सांसदों को टिकट दिया है वे सभी अलग-अलग क्षेत्रीय इलाकों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्हें मैदान में उतारकर बीजेपी ने ये साफ कर दिया है कि पार्टी इस बार सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ने जा रही है। बीजेपी का ये प्रयोग कितना कारगर साबित होगा ये तो हमें चुनाव के नतीजे आने के बाद ही पता चलेगा।