राजस्थान का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर जारी सस्पेंस आज ख़त्म हो जाएगा। बीजेपी विधायक दल की बैठक में मंगलवार नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग जाएगी। बैठक के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित तीनों पर्यवेक्षक जयपुर पहुँच चुके हैं।
तीनों पर्यवेक्षक मंगलवार सुबह जयपुर पहुंचे। विधायकों से वन टू वन मुलाकात के बाद सीएम के नाम की घोषणा होना लगभग तय है। माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में जिस तरह चौंकाने वाले नाम सामने आए हैं, उसी तर्ज पर यहां भी नए चेहरे को मौका दिया जा सकता है।
दूसरी ओर रेस में सबसे आगे चल रही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा की संभावनाएं कम हो गई हैं। इसका प्रमुख कारण दोनों राज्यों में पुराने सीएम को बदलना माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ में आदिवासी और मध्य प्रदेश में OBC चेहरा दिया गया है।
इसलिए अब बीजेपी अपने कोर वोट बैंक सामान्य वर्ग (ब्राह्मण, वैश्य, राजपूत) से या किसी महिला नेता को राजस्थान की जिम्मेदारी सौंप सकती है। दोनों राज्यों के पैटर्न से यह भी संकेत मिल रहे हैं कि गैर विधायक को संभवत: मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाएगा।
बता दें कि 3 दिसंबर को जारी हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी की पूर्ण बहुमत से जीत हुई थी। बीजेपी को राज्य में 199 में से 115 सीटें हासिल हुई, लेकिन पार्टी अब तक सीएम को लेकर फैसला नहीं कर पाई है। पिछले महीने ही राजस्थान की 200 में से 199 विधानसभा सीटों पर 25 नवंबर को वोट डाले गए थे।