राजस्थान कांग्रेस में लंबे समय से चल रही अंदरूनी कलह को खत्म करने और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गुरुवार को दिल्ली में अहम बैठक हुई। इस बैठक में 4 अहम फैसलों पर सहमति बन गई है। बैठक में सबसे बड़ा फैसला ये लिया गया कि अगले चुनाव में पार्टी बिना सीएम चेहरे के मैदान में उतरेगी।
अब इस बात को सचिन पायलट की जीत से जोड़कर देखा जा रहा है। साथ ही पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा राजस्थान लोक सेवा आयोग के सदस्यों की नियुक्ति के लिए नियम बनाये जायेंगे। पेपर लीक पर विधानसभा कानून बनाया जाएगा। ये कमोबेश वही मांगे हैं जिन्हे सचिन पायलट उठाते आ रहे थे। ऐसे में या बैठक गहलोत -पायलट की जंग के लिहाज़ से अहम साबित हुई।
ये कहा जा सकता है कि लंबे समय से पायलट और गहलोत विवाद को लेकर पार्टी न सिर्फ पायलट को मनाने में सफल रही बल्कि उन्हें खासी तवज्जो भी मिली है। पार्टी ने पायलट की सभी बातें मान ली हैं, साथ ही आगे आने वाले समय में पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे जिनको लेकर पायलट लंबे समय से सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रहे थे उन पर सहमति बनती सी दिख रही है।
बैठक के बाद सचिन भी उत्साहित दिखे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बैठक में सभी मुद्दों पर सार्थक, व्यापक और महत्वपूर्ण चर्चा हुई। हमारा संगठन नेताओं, विधायकों और सभी मंत्रियों के साथ मिलकर काम करेगा। पिछले 25 सालों से राज्य में एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस का जो चलन चल रहा है इसे खत्म करने के लिए बहुत ही सार्थक व्यापक और महत्वपूर्ण चर्चा हुई है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया है कि हम अपनी सरकार को रिपीट कर सकते हैं।
सचिन पायलट लंबे समय से पार्टी से अलग-थलग दिखाई दे रहे थे, लेकिन ये अहम फैसला आने के बाद राजस्थान की सियासत में एक नया पड़ाव देखने को मिल सकता है। हालांकि पार्टी के फैसले को लेकर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत कुछ खास उत्साहित नहीं दिखे लेकिन पार्टी के हित और राजस्थान की सत्ता मे दोबारा कांग्रेस को काबिज़ करने के लिए इस कदम को काफी अहम माना जा रहा है।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान पार्टी प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा समेत 29 नेता शामिल हुए। बैठक के दौरान केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सभी विधायक और नेता घर-घर जाकर राज्य सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएंगे और पार्टी का अभियान शुक्रवार से शुरू होगा।