भोपाल: मुख्य वन संरक्षक भोपाल राजेश खरे ओब्दुल्लागंज वन मडल के बाड़ी रेंज में पदस्थ रेंजर तिलक सिंह रायपुरिया फर्नीचर व्यापारी से धन उगाही, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और आला अफसरों के आदेशों की नाफरमानी करने के आरोप में निलंबित कर दिया. निलंबित तिलक सिंह रायपुरिया का मुख्यालय वन मंडल रायसेन उत्पादन होगा.

बाड़ी रेंजर तिलक सिंह रायपुरिया के खिलाफ सीसीएफ मुख्यालय को लगातार शिकायतें मिल रही थी. राजनीतिक प्रोटेक्शन मिलने के कारण उस पर कार्रवाई नहीं हो पा रही थी. सोमवार को रेंजर और उसके ड्राइवर द्वारा बाड़ी के फर्नीचर व्यापारी मनीष विश्वकर्मा पर अड़ी डालकर धन वसूलने और फर्नीचर सामग्री दुकान से जप्त करने के मामले को लेकर स्थानीय जनता आक्रोशित हो गई और उनके खिलाफ सड़कों पर उतर आई.

जनता के गुस्से को शांत करने के लिए तहसीलदार संजय नागवंशी और एसडीओ मयंक राज तत्काल जनता के बीच पहुंचे और समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया. इस घटना को मुख्य वन संरक्षक भोपाल के राजेश खरे ने गंभीरता से लिया. खरे ने तत्काल डीएफओ से रिपोर्ट मंगाई और मंगलवार दोपहर बाद उनके निलंबन का आदेश जारी कर दिया.