शपथ ग्रहण के समय रावत की फिसली ज़ुबान, खुद को बताया राज्य मंत्री दो बार लेनी पड़ी शपथ


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

MP में मोहन कैबिनेट का एक और विस्तार, शपथ लेते समय राम निवास रावत की फिसली ज़ुबान...!!

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दूसरी बार अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है। लोकसभा चुनाव के समय बीजेपी में शामिल हुए विधायक रामनिवास रावत कैबिनेट मंत्री बन गए हैं। उन्होंने राजभवन में मंत्री पद की शपथ ली।

हैरानी की बात ये रही कि उन्होंने सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर कैबिनेट मंत्री की बजाए राज्य मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर उन्होंने राज्यपाल मंगू भाई पटेल की उपस्थिति में कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।

इस तरह से उनके नाम ये अलग ही तरह का रिकॉड भी बना। दरअसल हुआ यूं कि रावत को कैबिनेट मंत्री की शपथ लेनी थी, लेकिन शपथ लेते वक्त उनकी जुबान फिसल गई और वे कैबिनेट मंत्री की जगह राज्यमंत्री बोल गए। इसके बाद उन्हें दोबारा से शपथ लेनी पड़ी। 

राजभवन में पहली बार शपथ लेते समय रामनिवास रावत ने गलती से 'राज्य मंत्री' की जगह 'राज्य मंत्री' कह दिया इसके बाद गलती सुधारने के लिए उन्होंने दोबारा शपथ ली। शपथ समारोह में सीएम मोहन यादव सहित कई मंत्री भी मौजूद रहे।

मंत्री बनने के बाद अब रामनिवास रावत विधायक पद से अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को सौंप सकते हैं। इसके बाद विजयपुर विधानसभा सीट पर दोबारा चुनाव होगा।

आपको बता दें कि मोहन यादव कैबिनेट में दूसरे विस्तार के बाद अब मंत्रियों की संख्या 31 हो गई है। कैबिनेट में मंत्रियों की अधिकतम संख्या 34 हो सकती है। मोहन कैबिनेट में अभी भी तीन पद खाली हैं। कहा जा रहा है, कि मोहन कैबिनेट का तीसरा विस्तार भी जल्द होगा। भूपेंद्र सिंह, गोपाल भार्गव, निर्मला सप्रे को मंत्री बनाए जाने की चर्चाओं ने ज़ोर पकड़ लिया है।  

रामनिवास रावत श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से कांग्रेस विधायक हैं। वह इस सीट से छठी बार विधायक बने हैं। रावत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और ओबीसी समुदाय के भी बड़े नेता माने जाते हैं। रामनिवास रावत मध्य प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी रह चुके हैं. वह दिग्विजय सिंह सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं।