रेमंड के मालिक गौतम सिंघानिया की मालदीव में बोट पलटी, मुंबई एयरलिफ्ट


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

उनके साथ बोट पर सवार भारत के दिग्गज रैली ड्राइवर हरि सिंह और उनके एक अन्य दोस्त अब भी लापता हैं, स्थानीय प्रशासन को अंदेशा है कि लंबा समय बीत जाने के कारण उनकी जान जा सकती है, यह घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे मालदीव के फेलिधू एटोल के पास हुई..!!

रेमंड ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया मालदीव में स्पीडबोट पलटने से घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया है, जहां वे फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में हैं। उनके प्रवक्ता ने कहा कि सिंघानिया को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर है।

उनके साथ बोट पर सवार भारत के दिग्गज रैली ड्राइवर हरि सिंह और उनके एक अन्य दोस्त अब भी लापता हैं। स्थानीय प्रशासन को अंदेशा है कि लंबा समय बीत जाने के कारण उनकी जान जा सकती है। यह घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे मालदीव के फेलिधू एटोल के पास हुई।

कोस्ट गार्ड के मुताबिक, हादसा तट से करीब 2 नॉटिकल मील दूर हुआ। स्पीडबोट पर एक कैप्टन और गौतम सिंघानिया समेत कुल 7 लोग सवार थे। इनमें 5 भारतीय, एक ब्रिटिश और एक रूसी नागरिक शामिल थे। रेस्क्यू टीम लापता भारतियों को खोजने की कोशिश कर रही है।

इंडियन नेशनल रैली में 5 बार के चैंपियन रहे हैं हरि सिंह

गौतम सिंघानिया और हरि सिंह दोनों एडवेंचर स्पोर्ट्स के शौकीन हैं। सिंघानिया खुद एक प्रोफेशनल रेसर हैं। हरि सिंह, गौतम सिंघानिया के भी बेहद करीबी दोस्त और उनके मोटरस्पोर्ट्स से जुड़े प्रोजेक्ट्स में सलाहकार रहे हैं। हरि सिंह को देश के सबसे सफल रैली ड्राइवरों में गिना जाता है।   मशहूर हरि सिंह 1990 के दशक में 5 बार इंडियन नेशनल रैली चैंपियनशिप जीत चुके हैं और उन्होंने पहली एशिया जोन रैली चैंपियनशिप भी अपने नाम की है।

कई इंटरनेशनल रैली इवेंट्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद, उन्हें जेके टायर मोटरस्पोर्ट के हेड आॅफ आॅपरेशंस के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्होंने मर्सिडीज-बेंज इंडिया के साथ चीफ इंस्ट्रक्टर के तौर पर भी काम किया है।