कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में 18 मार्च से शुरू हुए 102वें 1008 कुंडीय शिव शक्ति महायज्ञ के दौरान शनिवार सुबह गोली लगने से एक ब्राह्मण घायल हो गया। घायल ब्राह्मण को इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्राह्मण को गोली मारे जाने के बाद विवाद बढ़ गया और वेद पाठियों ने मुख्य सड़क जाम कर दी।
हंगामा तब शुरू हुआ जब वेद पाठियों ने यज्ञ सम्राट पर घटिया भोजन परोसने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। बताया जा रहा है कि हंगामा बढ़ने पर यज्ञ सम्राट बाबा हरिओम के अंगरक्षक ने गोली चला दी। इसमें एक पाठी घायल हो गया। उन्हें स्थानीय लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पाठी को गोली लगने के बाद सभी पाठियों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने मंडप, होर्डिंग और बैनर तोड़ना शुरू कर दिया। इसके बाद जमकर लाठियां भांजी गईं। पाठियों ने लाठियां निकालीं, हवा में लहराईं और बाबा को गालियां देते हुए सड़क पर आ गए। यहां उन्होंने बैरिकेड्स लगाकर सड़क को अवरुद्ध कर दिया।
हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है और प्रदर्शनकारी सड़कों और केशव पार्क में लाठियां लहराते हुए घूम रहे हैं। पुलिस और अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।