भोपाल. मध्यप्रदेश में बारिश अब आफत बन गई है. लगातार और तेज बरसात के कारण प्रदेश की अधिकांश जगहों पर जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। नदी—नाले उफना गए हैं जिससे कई स्थानों पर सड़क संपर्क भी टूट गया है. राजधानी से सटे सीहोर जिले के रेहटी में भारी बारिश से घरों और दुकानों में पानी भर गया है।
नसरुल्लागंज में भी 24 घंटे में 4 इंच बरसात हो चुकी है जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है। तहसील मुख्यालय का दो दर्जन से ज्यादा गांवों से संपर्क कट गया है। नसरुल्लागंज से सटे हुए सभी गांवों के निचले इलाकों में पानी भर गया है। राजधानी भोपाल का भी नसरुल्लागंज से
सड़क संपर्क टूट गया है. नंद गांव में पुल पर बाढ़ का पानी आ गया है. इससे नसरुल्लागंज से भोपाल जाने वाला रास्ता बंद हो गया है।
इधर नर्मदा नदी उफनाई है. लगातार बरसात से छीपानेर में नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पांडागांव में सीप नदी भी उफान पर है। पांचौर में ब्रिज के ऊपर भी पानी है।
24 घंटे में बारिश
भोपाल में रात भर रुक-रुक कर बारिश हुई और सुबह 10 बजे से तेज बारिश शुरू हो गई। पिछलेू 24 घंटे में बैतूल में 3 इंच, नर्मदापुरम में 3 इंच, भोपाल में 2 इंच, पचमढ़ी में 2 इंच, नौगांव में 2 इंच पानी गिरा।