कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में रविवार रात करीब नौ बजे बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय हर्ष के रूप में हुई है। मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य के गृह मंत्री अर्गा ज्ञानेंद्र ने कहा कि आरोपी स्थानीय थे। पोस्टमॉर्टम के बाद हर्ष का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
दूसरी ओर, परिवार के सदस्य और बजरंग दल के कार्यकर्ता जब अंतिम संस्कार के लिए शव ले जा रहे थे, तो अंतिम संस्कार में कोहराम मच गया। लेकिन अब अधिकारी ने कहा कि, जल्द ही हर्ष का अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा के समय अचानक हिंसा शुरू हो गई, लोग दुकानों पर पथराब करने लगे,कई जगह आगजनी भी हुई।
जिसके बाद पुलिस को कई जगहों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। सुरक्षा को लेकर शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता बीएल संतोष ने कहा कि हिजाब विरोधी प्रदर्शन के कारण हर्ष की हत्या की गई। वहीं कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी ने कहा, ''पिछले हफ्ते जब हिजाब विवाद शुरू हुआ तो मैंने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि ऐसा कुछ हो सकता है"। अब एक युवक की जान चली गई।
गृह मंत्री ने कहा- शांति बनाए रखें
कर्नाटक के गृह मंत्री अर्गा ज्ञानेंद्र ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए थीं, पुलिस को सबूत मिल गए हैं और घटना में शामिल लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मैं फिलहाल लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा हूं।