संत कनक बिहारी दासजी महाराज का नरसिंहपुर में एक कार दुर्घटना में निधन हो गया। सोमवार सुबह हुए हादसे में तीन अन्य लोगों की भी मौत हो गई। ये सभी अशोकनगर से छिंदवाड़ा आश्रम जा रहे थे, तभी रास्ते में ये हादसा हो गया। महाराज को अगले साल अयोध्या में 9009 कुंडीय यज्ञ का आयोजन करना था। 2021 में कनक बिहारी दासजी ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को 1 करोड़ 11 लाख का चेक भेंट किया था।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी कनक बिहारी महाराज के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है, “एक सड़क दुर्घटना में परम श्रद्धेय संत यज्ञ सम्राट श्री श्री 1008 श्री कनक बिहारी महाराज का स्वर्गवास होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। गुरु जी का देवलोक गमन उनके समस्त शिष्यों और भक्तों के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर महाराज जी की आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके भक्तों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।“