सिंधिया की मां की तबीयत बिगड़ी, वेंटिलेटर पर रखा गया, तीन महीने से दिल्ली एम्स में चल रहा इलाज


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

बहू प्रियदर्शनी राजे ने 2 मई तक के सभी दौरे किए कैंसिल..!!

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां की तबीयत बिगड़ गई है। पिछले तीन महीने से उनका दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, राजमाता माधवी राजे सिंधिया को लाइफ सपोर्ट सिस्टम (वेंटिलेटर) पर रखा गया है। ज्योतिरादित्य की पत्नी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया अपने सभी दौरे रद्द कर दिल्ली के लिए रवाना हो गई हैं। उनके 2 मई तक के सभी दौरे रद्द कर दिया गए हैं।

हाल ही में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा था कि राजमाता माधवी राजे को सांस लेने में तकलीफ के चलते 15 फरवरी को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत गंभीर है। आपको बता दें कि वह केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां और पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया की पत्नी हैं। इसी साल 6 मार्च को भी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। तब भी उनकी हालत गंभीर थी और उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था।

माधवी राजे सिंधिया मूल रूप से नेपाल की रहने वाली हैं और उनका परिवार नेपाल के शाही परिवार से जुड़ा है। उनके दादा शमशेर जंग बहादुर राणा भी नेपाल के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। साल 1966 में उनकी शादी ग्वालियर के सिंधिया राजघराने के माधवराव सिंधिया से हुई। माधवराव सिंधिया से शादी से पहले उनका नाम राजकुमारी किरण राज्यलक्ष्मी देवी था। 

मराठी परंपरा के अनुसार, शादी के बाद उनका नाम बदल दिया गया और उनका नया नाम माधवी राजे सिंधिया रखा गया। पहले वह एक रानी थी, लेकिन अपने पति की मृत्यु के बाद उन्हें राजमाता कहा जाने लगा।

माधवी राजे के पति और पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया का 30 सितंबर 2001 को निधन हो गया। माधवराव सिंधिया की 56 वर्ष की आयु में उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के पास एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई।