MP Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन के साथ ही बग़ावत भी शुरू हो गई हैं. बीजेपी की चौथी लिस्ट के बाद कल (21 अक्टूबर) पांचवी लिस्ट जारी होते ही कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी खुलकर सामने आ गई. कुछ समय से यहीं हाल कांग्रेस में भी दिखाई दे रहा हैं.

दरअसल, ग्वालियर पूर्व विधानसभा सीट से सिंधिया समर्थक मुन्नालाल गोयल का टिकट काटकर पूर्व मंत्री माया सिंह को प्रत्याशी बनाने से नाराज़ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जय विलास पैलेस के बाहर जमकर प्रदर्शन किया. पहली बार जयविलास पैलेस के बाहर कार्यकर्ताओं की खुलकर नाराजगी देख केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी उन्हें मनाने के लिए बाहर आना पड़ा.

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने माया सिंह को टिकट देने पर खुलकर नाराजगी जताई. सिंधिया के जयविलास पैलेस से बाहर आते ही मुन्ना लाल के समर्थक उनके पैरों में गिर गए और टिकट बदलने की मांग करने लगे. कुछ कार्यकर्ता तो उनकी गाड़ी के सामने ही लेट गए, इनमें कई महिलाएं भी शामिल थीं. जिसके बाद सिंधिया भी जमीन पर बैठकर उन्हें समझाने लगे. हालांकि, कुछ देर बाद सिंधिया वहां से निकल गए.

जानिए बीजेपी ने क्यों काटा टिकट-

बता दें कि सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल होने वालों की लिस्ट में पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल भी शामिल हैं. बीते 2018 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर मुन्नालाल गोयल विधासनभा पहुंचे थे. लेकिन, जब सिंधिया ने कमलनाथ सरकार गिराकर बीजेपी का दामन थामा था तो गोयल भी उनके साथ चले गए थे.

इसके बाद 2020 में हुए उपचुनाव में गोयल इसी सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़े थे पर उन्हें कांग्रेस के सतीश सिकरवार ने हरा दिया था. हालांकि, इसके बावजूद भी बीजेपी ने उन्हें राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम का चेयरमैन बनाकर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया.

हार के बाद भी मुन्नालाल गोयल इस इलाके में लंबे समय से सक्रिय हैं. यहीं वजह है की उन्हें भरोसा था कि बीजेपी टिकट ज़रूर देगी. लेकिन, बीती रात जो सूची आई उसमें उनकी जगह माया सिंह को टिकट देने की घोषणा के बाद से ही उनके समर्थकों की नाराजगी अब सड़कों पर उतर आई.