कांग्रेस नेता और पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी का निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। 83 साल की उम्र में उन्होंने शुक्रवार को भोपाल में अंतिम सांस ली। उनको आज शाम सुपुर्दे ख़ाक किया जाएगा।
अजीज कुरैशी की देखभाल करने वाले उनके भतीजे सूफियान अली ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और सुबह करीब 11 बजे भोपाल के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। अजीज कुरैशी के निधन पर कांग्रेस नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
अजीज कुरैशी का जन्म 24 अप्रैल, 1941 को भोपाल में हुआ था। वे पहली बार 1972 में मध्य प्रदेश की सीहोर सीट से विधायक चुने गए और 1984 में लोकसभा सदस्य बने। अजीज कुरैशी ने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मिजोरम के राज्यपाल के रूप में कार्य किया था। हाल ही में कांग्रेस के सॉफ्ट हिंदुत्व को लेकर भी वे काफी मुखर रहे थे।
अजीज कुरैशी को 24 जनवरी 2020 को मध्य प्रदेश की तत्कालीन कमलनाथ सरकार ने एमपी उर्दू अकादमी का अध्यक्ष नियुक्त किया था। 1973 में वह एमपी के कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं और 1984 मध्य प्रदेश के सतना निर्वाचन क्षेत्र से वह लोकसभा चुनाव जीते थे।