Shahdol News: शहडोल से तेंदुए के जानलेवा हमले की ख़बर सामने आ रही है। घटना के समय 50 से ज्यादा लोग पिकनिक मनाने के लिए वहां पहुंचे थे। तभी अचानक तेंदुए ने लोगों पर हमला कर दिया।
तेंदुए ने एएसआई का गला पकड़ लिया और वहां मौजूद एक लड़की की खोपड़ी नोच डाली। मामला रविवार शाम का शहडोल के खितौली गांव का बताया जा रहा है। घटना में से कई घायल हो गए। कुछ तेंदुए के पंजों से घायल हुए हैं तो कुछ भागने के दौरान घायल हुए हैं। घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तेदुए को देखते ही अफरा-तफरी मच गई। हमले में पुलिस विभाग के एएसआई नितिन समदरिया, शहडोल के पुरानी बस्ती निवासी आकाश कुशवाह (23) और खतौली गांव की नंदिनी सिंह (25) को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल ने कहा-अचानक तेंदुआ भागता हुआ नजर आया।
हमले में घायल हुए आकाश कुशवाह ने कहा, 'हम करीब 50 लोग पिकनिक मनाने खतौली के शोभाघाट गए थे। डिनर के बाद सभी लोग वापस गाड़ी की ओर जा रहे थे तभी अचानक एक तेंदुआ भागता हुआ नजर आया। ऐसा लगा इतनी बड़ी संख्या में लोगों को देखकर तेंदुआ भाग जाएगा। कुछ देर के लिए वह आंखों से ओझल भी हो गया। इसके बाद तेंदुए ने अचानक दूसरी तरफ से हमला कर दिया।
आकाश ने बताया तेंदुए ने पहले उन पर हमला किया। वह किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे। इसके बाद तेंदुए ने एक के बाद एक कई लोगों पर हमला कर दिया। तेंदुआ दिखाई दिया तो कुछ लोग बिना डरे वीडियो बनाने लगे। इसी बीच तेंदुए ने लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया और भगदड़ मच गई। शहडोल थाने में पदस्थ एएसआई नितिन समदरिया ने भी अपने सहयोगियों के साथ शोभाघाट पिकनिक मनाने पहुंचे। जब लोगों को एक तरफ किया जा रहा था तो तेंदुए ने एएसआई पर भी हमला कर दिया।
तेंदुए ने आकाश की जांघ पर काटा और फिर दूसरी जांघ पर अपने पंजों से हमला कर दिया। हालांकि, उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। इस हमले में नंदिनी सबसे ज्यादा घायल हुई हैं। तेंदुए ने उसके सिर पर इतनी जोर से हमला किया कि उसकी खोपड़ी का एक हिस्सा फट गया।