श्योपुर ज़िले के विजयपुर नगर में आए दिन होने वाली चोरियों से जनता में काफी रोष है। यहां हर दिन नई चोरी का मामला सामने आता रहता है। कभी घरों के ताले टूट जाते हैं, तो कभी दिन दहाड़े लोगों की जेब से रुपए गायब कर दिए जाते हैं।


हैरान करने वाली बात ये है कि टीआई  साहब की नज़रों में चोरी करने का प्रयास करना या ताला टूट जाना कोई अपराध नहीं है। क्योंकि इस पर हैरान करने वाली बात यह है कि टीआई सोनपाल सिंह तोमर ने इलाके में हुई 5 चोरियों में से सिर्फ एक की ही रिपोर्ट लिखी है।

अब इस मामले में विजयपुर टीआई सोनपाल सिंह तोमर के खिलाफ नगर वासियों का गुस्सा फूट पड़ा। सभी एक साथ जमा होकर SDOP निर्भय सिंह के कार्यालय पहुंचे और टीआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

पुलिस अधिकारी के खिलाफ शिकायत के दौरान यहां भाजपा महिला मोर्चा की मंडल मंत्री तारा देवी और SDOP के बीच  बहस होने लगी। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि तारा देवी ने SDOP को अपनी चूड़ी तक उतार कर दे दी और कहा कि "या तो कार्रवाई करो, नहीं तो चूड़ी पहन लो"। इस पर SDOP ने कहा कि ये चूड़ी आप टीआई  को पहनाएं मुझे कार्रवाई के लिए आवेदन दे, मैं जल्द जांच करूंगा।