सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण के एक हजार वर्ष पूरे होने पर प्रदेश के उच्च शैक्षणिक संस्थानों में शिव स्तुति का आयोजन


स्टोरी हाइलाइट्स

मप्र के सभी सरकारी एवं निजी उच्च शैक्षणिक संस्थानों (विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों) में आगामी 11 जनवरी 2027 तक सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत शिव स्तुति, भजन, शास्त्रीय/लोक नृत्य एवं नाट्य की प्रस्तुति का आयोजन होगा..!!

भोपाल: एक हजार वर्ष पूर्व जनवरी 1026 में गुजरात के सोमनाथ मंदिर पर हुये पहले आक्रमण को स्मरणोत्सव के रुप में मनाये जाने के तहत मप्र के सभी सरकारी एवं निजी उच्च शैक्षणिक संस्थानों (विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों) में आगामी 11 जनवरी 2027 तक सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत शिव स्तुति, भजन, शास्त्रीय/लोक नृत्य एवं नाट्य की प्रस्तुति का आयोजन होगा। राज्य के उच्च शिक्षा विभाग ने इसके लिये निर्देश जारी किये हैं। इस स्मरणोत्सव में सभी शिक्षकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी।

उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिपाहा द्वारा जारी इन निर्देशों के तहत पूरे वर्ष उच्च शैक्षणिक संस्थानों में सोमनाथ संवाद व्याख्यान के अंतर्गत भारतीय सांस्कृतिक इतिहास, ज्योतिर्लिंग परम्परा, मंदिर स्थापत्य एवं सांस्कृतिक पुनर्जागरण विषयों पर व्याख्यान/सेमीनार आयोजित किये जायेगे। इसके अलावा, अटूट आस्था और सांस्कृतिक स्वाभिमान विषय पर निबंध, वाद-विवाद एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित होगी। आगामी 11 मई 2026 को इस स्मरणोत्सव के तहत आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम की लाइव स्क्रीनिंग एवं सामूहिक सहभागिता के तहत युवाओं को जोड़ा जायेगा। संस्थान स्तर पर भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु विशेष प्रार्थना/संकल्प कार्यक्रम आयोजित होंगे। उच्च शिक्षा आयुक्त ने कहा है कि उक्त सभी गतिविधियों की जानकारी उच्च शिक्षा आयुक्त के कार्यालय को भी भेजी जाये।