भोपाल : शिवराज सिंह चौहान अपने चौथे मुख्यमंत्रित्व काल में अपना पांचवा उड़न खटोला खरीदने जा रहे हैं, यह विमान लगभग 2 अरब से अधिक की राशि का होगा, जिसमें तमाम नई तकनीकों के साथ बेहतरीन सुख सुविधाएं होंगी। इसे अमेरिका की एक बड़ी कंपनी से क्रय किया जा रहा है।

मप्र सरकार अमेरिका की विमान निर्माता कंपनी टेक्स्ट्रान से 208 करोड़ रुपये में अपना नया स्टेट जेट प्लेन खरीदेगी। इस कंपनी ने अपना वित्तीय प्रस्ताव दे दिया है। अब इसकी स्वीकृति के लिये प्रस्ताव पहले सीएस की अध्यक्षता वाली हाई पावर कमेटी को भेजा जायेगा तथा यहां से स्वीकृति मिलने पर इसके केबिनेट की मंजूरी के लिये भेजा जायेगा। केबिनेट की मंजूरी के बाद दस प्रतिशत राशि का अग्रिम भुगतान कंपनी को कर अनुबंध किया जायेगा।

कंपनी ने अपने वित्तीय प्रस्ताव में 1 करोड़ 85 लाख डॉलर की दर जेट प्लेन हेतु दी है। यह करीब 147 करोड़ रुपये होता है। इसमें करीब 41 प्रतिशत टैक्स जोड़ा जायेगा तथा इस प्रकार करीब 208 करोड़ रुपये में यह नया जेट प्लेन पड़ेगा।

पुराना विमान भी बेचा जायेगा :

पिछली कमलनाथ सरकार के समय करीब 60 करोड़ रुपये में खरीदा गया प्रापुलर वाला स्टेट प्लेन ग्वालियर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था तथा यह लम्बे समय से वहीं ग्राउण्ड पड़ा हुआ है। चूंकि यह विमान अब उड़ान योग्य नहीं रह गया है इसलिये अब इसे बेचा जायेगा। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

इसे राईटऑफ करने पर विचार किया जा रहा है अर्थात जिस विमान निर्माता कंपनी से इसे क्रय किया गया है, उससे ही इसका यथास्थिति में वेल्युएशन कराकर उसे ही इसका विक्रय कर दिया जायेगा। पहले इस पुराने स्टेट प्लेन को डीजीसीए की अनुमति लेकर सडक़ मार्ग से एक्सल ट्रक के माध्यम से भोपाल के स्टेट हैंगर पर लाये जाने का विचार था परन्तु इससे उसकी ढुलाई में काफी राशि व्यय हो रही थी। इसीलिये इस विकल्प को त्याग दिया गया है।