मध्य प्रदेश में बढ़ते खाद संकट और नकली बीजों की आपूर्ति का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि नकली खाद और बीजों ने राज्य के किसानों की मेहनत और सपनों पर पूरी तरह से पानी फेर दिया है।
उन्होंने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को घेरते हुए कहा कि जब वे अपने गृह ज़िले विदिशा के किसानों की फ़सलों को नकली खाद-बीज माफिया से नहीं बचा पाए, तो पूरे देश के किसानों की फ़सलों की सुरक्षा कैसे करेंगे। सिंघार ने इस मामले पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह से भी सवाल किए हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश में किसानों की हालत ख़राब है और उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फ़र्ज़ी जनादेश और वोट चोरी के आधार पर बनी सरकार कभी भी राज्य की जनता और किसानों के हित में नहीं सोच सकती।
दरअसल खाद संकट को लेकर कांग्रेस लगातार राज्य सरकार पर निशाना साध रही है। हाल ही में छिंदवाड़ा में विपक्ष ने किसानों के लिए खाद और उनकी अन्य समस्याओं की मांग को लेकर आंदोलन भी किया था।
अब एक बार फिर विपक्षी नेता ने इस मुद्दे पर भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा कि आज हालात ऐसे हैं कि पूरे प्रदेश में किसान नकली खाद-बीज माफिया का शिकार हो रहे हैं, फ़सलें बर्बाद हो रही हैं और सरकार माफिया के साथ खड़ी है।