उत्तराखंड के चारधाम में बर्फबारी, एमपी के 34 जिलों में बारिश का अलर्ट


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

मध्य प्रदेश में 2 दिन से ओले-बारिश और आंधी का दौर चल रहा है। गुरुवार को प्रदेश के 15 से ज्यादा जिलों में मौसम बदला रहा, मौसम विभाग ने शुक्रवार को ग्वालियर-जबलपुर समेत 34 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है..!!

देश के कई हिस्सों में मौसम बदला है। उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में बारिश जारी है। वहीं चारों धाम यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ में चार दिन से बर्फबारी जारी है।

वहीं मध्य प्रदेश में 2 दिन से ओले-बारिश और आंधी का दौर चल रहा है। गुरुवार को प्रदेश के 15 से ज्यादा जिलों में मौसम बदला रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को ग्वालियर-जबलपुर समेत 34 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

अगले दो दिन मौसम का हाल

21-22 मार्च-

 मौसम विभाग ने यूपी और राजस्थान के कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। राजस्थान के कुछ जिलों में ओले गिरने का भी अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश में आॅरेंज अलर्ट जारी कर भारी बर्फबारी की चेतावनी दी गई है।

साइक्लोनिक सकुर्लेशन और ट्रफ की एक्टिविटी होने की वजह से मध्य प्रदेश में 24 घंटे के दौरान आधे से ज्यादा हिस्से में मौसम बदला रहा। कहीं तेज आंधी चली तो कहीं बारिश हुई और ओले गिरे। शुक्रवार सुबह से भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई जिलों में बारिश का दौर चल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, बैतूल, दमोह में आधा इंच पानी गिर गया। वहीं, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, छतरपुर, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, सिवनी, दतिया, धार, नर्मदापुरम, इंदौर, पचमढ़ी, रायसेन, रतलाम, श्योपुर, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, मऊगंज, सतना, मुरैना, उमरिया, झाबुआ, बड़वानी, पांढुर्णा में तेज आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई। उज्जैन, पांढुर्णा, बैतूल, झाबुआ, बड़वानी में ओलावृष्टि हुई। तेज आंधी चलने से खेतों में खड़ी फसलों को खासा नुकसान हुआ है।