भिंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दंदरौआ धाम में मंगलवार को भगदड़ मचने से एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। साथ ही 4 से 5 श्रद्धालु घायल हो गए। बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्र शास्त्री ने मृतक के परिवार से मुलाकात की। हादसे के बाद दंदरौवा धाम के आसपास मोबाइल का नेटवर्क बंद कर दिया गया।
घटना भिंड के हनुमान मंदिर में आयोजित सियापिया मिलन समारोह के दौरान हुई। जिसका कार्यक्रम पिछले कुछ दिनों से दंदरौवा धाम में चल रहा है। इसी कार्यक्रम के तहत सोमवार से बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनाई जा रही है।
मंगलवार को सुबह 9 बजे से दिव्य दरबार का आयोजन किया गया। भगदड़ मचने की घटना दोपहर में हुई, जिसमें मुरैना की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाली 55 वर्षीय कृष्णा देवी बंसल फंस गई। इसी दौरान धक्का-मुक्की के कारण उनकी जान चली गई। घटना के वक्त उसका बेटा, दामाद और बहू भी साथ थे।
मृतका के बेटे ने बताया कि घटना के वक्त हम सभी मंदिर की घंटी के पास खड़े थे। इसी दौरान पीछे से धक्का लगा और मां गिर पड़ीं। इसके बाद भीड़ उन्हें रौंदते हुए बाहर निकल गई। किसी तरह मां को भीड़ में से पुलिसकर्मियों की मदद से निकाला गया।
हादसे के बाद कोई वहां पर कोई चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध नहीं थी। पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस बुलाई लेकिन एंबुलेंस को भी आने में देरी हुई। जिसके बाद हम अपनी मां को एंबुलेंस में लेकर मऊ शहर के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के बेटे ने आगे कहा- मौके पर लोगों की काफी भीड़ पहुंच गई थी। इतने लोगों के लिए आयोजन समिति ने सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए थे। लोगों की भारी भीड़ ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ना शुरू कर दिया। जिससे भगदड़ मच गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौजूद पुलिस कर्मी भगदड़ के दौरान खुद को बचाने के लिए एक तरफ खड़े हो गए थे।