भोपाल: राज्य सरकार ने रिजर्व बैंक के मुंबई कार्यालय के माध्यम से अपनी गवर्नमेंट सिक्योरिटीज का विक्रय कर 5 हजार करोड़ रुपयों का नया कर्ज बाजार से उठाया है। यह कर्ज तीन हिस्सों में लिया गया है। इसमें पहला कर्ज 2 हजार करोड़ रुपयों का है जिसे 21 वर्ष में चुकाया जाएगा, दूसरा कर्ज भी 2 हजार करोड़ रुपयों का है तथा इसे भी 21 वर्ष बाद चुकाया जायेगा जबकि तीसरा कर्ज 1 हजार करोड़ रुपयों का है जिसे 22 वर्ष बाद चुकाया जायेगा। तीनों ही कर्ज पर साल में दो बार ब्याज का भुगतान किया जायेगा।
वर्तमान वित्त वर्ष में राज्य सरकार बाजार से कुल 37 हजार 500 करोड़ रुपयों का कर्ज ले चुकी है तथा नया 5 हजार करोड़ रुपयों का कर्ज मिलाकर यह राशि 42 हजार 500 करोड़ रुपये हो गया है। राज्य सरकार पर कर्ज का कुल भार साढ़े तीन लाख करोड़ रुपयों से ज्यादा है। उक्त नया कर्ज लेने में राज्य सरकार ने अपनी वित्तीय स्थिति सुदृढ़ बताई है।