इंदौर। देशभर में चर्चित रहे बल्लाकांड में जिला न्यायालय में गुरुवार को सुनवाई होना है। कोर्ट विधायक आकाश विजयवर्गीय के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने वाले नगर निगम के अधिकारी के आज दोबारा बयान दर्ज करेगी। इन्हीं अधिकारी ने विधायक पर केस दर्ज कराया था. हालांकि पूर्व में दिए बयान में अधिकारी कह चुके हैं कि उन्होंने विधायक को बल्ला मारते हुए नहीं देखा था। वे घटना के वक्त मोबाइल पर बात कर रहे थे, तब किसी ने उन्हें पीछे से बल्ला मारा था। बाद में जब उन्होंने पीछे पलटकर देखा तो विधायक विजयवर्गीय के हाथ में बल्ला नजर आया. इसलिए उन्होंने एफआइआर में उनका नाम लिखवा दिया।अभियोजन ने गवाह के बयान दोबारा करवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था जिसे कोर्ट पिछली सुनवाई पर स्वीकार कर लिया था। अब गुरुवार को सुनवाई होने वाली है. यह देखना दिलचस्प होगा कि अधिकारी पूर्व में दिए अपने बयान पर कायम रहते हैं या वे दोबारा बयान बदलते हैं।

यह है मामला
26 जून 2019 को इंदौर के गंजी कंपाउंड क्षेत्र में एक जर्जर भवन को गिराने के दौरान विधायक आकाश विजयवर्गीय का नगर निगम अधिकारियों से विवाद हो गया। विजयवर्गीय नगर निगम कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। उनका आरोप था कि निगम द्वेषतापूर्ण कार्रवाई कर रहा है। सुनवाई का अवसर दिए बिना मकान तोड़ा जा रहा है। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान विजयवर्गीय ने नगर निगम के तत्कालीन भवन निरीक्षक धीरेंद्र बायस को बेट से पीट दिया था। बाद में विजयवर्गीय अपने समर्थकों के साथ एमजी रोड़ पुलिस थाने पर पुलिस के अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया।