एमपी समेत 9 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 5 डिग्री तक गिरेगा पारा


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

मध्यप्रदेश समेत  देश के 9 राज्यों में आंधी-बारिश और ओले गिरने का अलर्ट है। इससे तापमान में 3-5 डिगी तक की गिरावट होगी..!!

भीषण गर्मी झेल चुके देश के बड़े हिस्से में शनिवार को तेज हवाओं के साथ बारिश से राहत मिलेगी। मध्यप्रदेश समेत  देश के 9 राज्यों में आंधी-बारिश और ओले गिरने का अलर्ट है। इससे तापमान में 3-5 डिगी तक की गिरावट होगी। मौसम केंद्र ने शनिवार को ग्वालियर समेत 21 जिलों में बारिश होने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है।

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के दौर के बीच आंधी-बारिश होने के साथ ओले भी गिर रहे हैं। 2 दिन से प्रदेश के आधे से ज्यादा जिले प्रभावित हैं। दो दिन में प्रदेश के 35 जिलों में बारिश, ओले या फिर आंधी चल चुकी है। शुक्रवार को भी कई जिलों में मौसम बिगड़ा रहा। इस वजह से दिन के तापमान में गिरावट आई है।

आज जिन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है, उनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, गुना, अशोक नगर, नीमच और मंदसौर शामिल हैं।

दूसरी ओर भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, रतलाम, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, कटनी, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा और सिंगरौली में गर्मी का असर रहेगा।