मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भाजपा विधायकों से मुखातिब होना पार्टी के भीतर चर्चा का सबब है। वे आज भी कुछ विधायकों से वन टू वन कर सकते हैं। दो दिन पहले भी उन्होंने करीब दो दर्जन जिले के विधायकों से चर्चा की थी। अब बाकी जिले के भाजपा विधायकों से बात की जा रही है। माना जा रहा है कि वे विधायकों को आगामी चुनाव की दृष्टि से मंत्र दे रहे हैं, साथ ही उनके बारे में कराए गए सर्वे, फीडबैक आदि से अवगत करा रहे हैं।
खास बात यह है कि अब तक कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के सर्वे कांग्रेस के दावेदारों के लिये 'पहेली' बने हुए थे और अब भाजपा में भी सर्वे को लेकर अंदरखाने कई सवाल हो रहे हैं। बताया जाता है कि भाजपा अपनी संभावनाओं और मौजूदा विधायकों व अन्य प्रभावी चेहरों के बारे में तीन चरण में सर्वे कराएगी। इसमें पहली रिपोर्ट के आधार पर विधायकों से बात की जा रही है।
अगले सर्वे रिपोर्ट पर अगले महीने फिर बैठक होगी। सूत्रों के मुताबिक सीएम शिवराज जिलेवार विधायकों से चर्चा कर रहे हैं। पार्टी के अंदर यह भी सुगबुगाहट है कि चुनाव में कमजोर प्रदर्शन वाले कई विधायकों का टिकट काटे जाने की 'भूमिका' बनाना शुरू कर दी गई है। इसके अलावा मंत्रिमंडल में फेरबदल की भी यह कवायद है। सीएम सरकार के कार्यक्रमों और फोकस वाले क्षेत्रों पर काम करने पर लगातार जोर दे रहे हैं।