जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों ने दो आईईडी (IED) बरामद कर उन्हें डिफ्यूज कर दिया है। पुलिस ने कहा कि दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के फ्रिसल इलाके में तात्कालिक विस्फोटक उपकरण मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया। एसएसपी कुलगाम ने पुष्टि की है कि सुरक्षा बलों को आज फ्रिसाल इलाके में दो IED मिली, जिन्हें डिफ्यूज करने के लिए एक बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया।
पिछले 24 घंटों में, सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर के जिलों में तीन IED का पता लगाया है। पुलिस ने कहा कि दो आईईडी- एक टाइमर और दूसरा स्टिकी बम- कुलगाम के फ्रिसल इलाके से मिलें थे। उसके बाद में दोनों IED को निष्क्रिय कर दिया गया। इलाके की घेराबंदी कर तलाश की जा रही है।
पहले भी मिला था IED-
पुलिस ने बताया कि 26 नवंबर के दिन इमाम साहिब शोपियां में पुलिस और सेना की 44 आरआर यूनिट को IED मिला था, जिसे कुकर में रखा गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि IED का समय पर पता चलने से एक बड़ा हादसा टल गया। IED का पता चलने के तुरंत बाद, इलाके की घेराबंदी कर दी गई और मामला दर्ज कर जांच की जा रहीं है।
इसके अलावा शुक्रवार को जम्मू-श्रीनगर के रामबन जिले में एक IED भी मिला। पुलिस ने शुक्रवार को रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग 20 यात्रियों को ले जा रही एक मिनी बस से एक तात्कालिक विस्फोटक उपकरण (IED) बरामद किया। उन्होंने कहा कि हमें सूचना मिली जिसके बाद बस को नाशरी चौकी पर रोक दिया गया। बम निरोधक दस्ते को बस की पिछली सीट पर एक कंटेनर में एक आईईडी रखा मिला। इस आईईडी में प्रयुक्त सामग्री की जांच की जा रही है।