भोपाल : राज्य सरकार प्रदेश में दो तहसीलों की सीमाओं में परिवर्तन करेगी तथा इसके अलावा दो नये सब्डिविजन यानि अनुभाग भी बनायेगी।राजस्व विभाग द्वारा जारी प्रारंभिक अधिसूचना के अनुसार, मंदसौर जिले की तहसील भानपुरा एवं तहसील गरोठ में बदलाव होगा।

तहसील भानपुरा के 99 ग्रामों में से 4 ग्राम सुरजना खेरखेड़ा, मार, जाल्या एवं बम्बोरी हटाये जाकर इन्हें तहसील गरोठ में शामिल किया जायेगा जिससे तहसील भानपुर में ग्रामों की संख्या घटकर 95 तथा तहसील गरोठ में ग्रामों की संख्या 107 से बढक़र 111 हो जायेगी।

इसी प्रकार, सागर जिले के अनुभाग सागर की सीमाओं को परिवर्तित कर नवीन अनुभाग जैसीनगर बनाया जायेगा, वहीं शाजापुर जिले के अनुभाग शाजापुर को तोडक़र नवीन अनुभाग गुलना बनाया जायेगा। तहसीलों की सीमाओं में बदलाव एवं दो नये अनुभागों का विधिवत गठन शीघ्र कर दिया जायेगा।