भोपाल। राज्य के वन विभाग के अंतर्गत कार्यरत म.प्र. जैव विविधता बोर्ड के चेयरमेन अब मुख्य सचिव अनुराग जैन नहीं रहेंगे। उनके स्थान पर वन विभाग के अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णमाल चेयरमेन होंगे। इस बदलाव के लिये राज्य शासन ने स्वीकृति दे दी है। बोर्ड के दो एक्स आफिशियो मेम्बर भी बदले जायेंगे।
दरअसल यह जैव विविधता बोर्ड 11 अप्रैल 2005 को गठित हुआ है तथा अब तक इसके चेयरमेन मुख्य सचिव ही रहे हैं। चूंकि मुख्य सचिव के पास समय नहीं रहता है इसलिये उनके स्थान पर वन विभाग के अपर मुख्य सचिव को चेयरमेन बनाया गया है। वैसे भी अन्य राज्यों में वन विभाग के प्रमुख सचिव या स्वयं वन बल प्रमुख चेयरमेन हैं।
बर्णमाल अब सर्वप्रमुख :
वन विभाग के अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णमाल सर्वप्रमुख हो गये हैं। वे वन विभाग के अंतर्गत आने वाले लघु वनोपज संघ के प्रशासक भी हैं और वन विकास निगम के अध्यक्ष भी। जैव विविधता बोर्ड के भी अब वे चेयरमेन हो गये हैं।