MP News: जबलपुर में 16 जून को गोली लगने से घायल होने वाली युवती वेदिका ठाकुर ने सोमवार को दम तोड़ दिया. करीब 10 दिनों तक वेदिका ठाकुर जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही थी. वेदिका को गोली प्रियांश विश्वकर्मा ने मारी थी. प्रियांश को भाजपा नेता बताया गया था. वेदिका की मौत पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सवाल उठाये हैं.

मामला भाजपा नेता से जुड़ा जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनवंतरी नगर का है. 16 जून को जबलपुर में बीजेपी नेता के दफ्तर में गोली लगने से वेदिका बुरी तरह से घायल हो गई थी. जिसके बाद उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था.

कमलनाथ ने वेदिका की मौत पर लिखा कि मैं मुख्यमंत्री से पूछना चाहता हूं कि क्या वजह है कि नेमावर से लेकर जबलपुर तक बेटियों पर अत्याचार में आपकी पार्टी के लोगों का सीधा हाथ दिखाई दे रहा है? क्या आप इतने लाचार हैं कि इन्हें रोक नहीं पाते या फिर इन्हें रोकना ही नहीं चाहते?

शरीर के अंदर ही गोली फसी हुई थी, जिसके कारण वेदिका को पहले आईसीयू और फिर तबीयत ज्यादा बिगड़ने से वेंटिलेटर पर रखा गया लेकिन अफ़सोस इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. डॉक्टर के मुताबिक, गोली वेदिका के दाहिने फेफड़े और पसली को चीर कर लिवर को चोट करते हुए पित्त की थैली एवं खाने की थैली के निचले भाग में पैंक्रियाज और छोटी आंत को चोट करते हुए रीढ़ की हड्डी के बाईं ओर टकरा कर फंस गई थी.

वेदिका के कमर के नीचे के भाग ने काम करना बंद कर दिया था. शरीर के कई अंगों में चोट लगने की वजह से छाती और पेट में इन्फेक्शन फैलने लगा था. दो दिन से शरीर के महत्वपूर्ण अंग किडनी, लिवर, फेफड़ा एवं मस्तिष्क ने काम करना बंद कर दिया. उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था. मल्टी आर्गन फेलियर की वजह से वेदिका बेहोशी की स्थिति में थी और आज 26 जून को उसने दम तोड़ दिया.